Re-NEET Result को लेकर आरोपों की बौछार, अभय ने OMR शेयर कर दिखाई गड़बड़ी, सोनीपत के छात्र के पास दो अलग स्कोरकार्ड
नीट यूजी रिजल्ट जारी होने के बाद विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कई स्टूडेंट्स ने एनटीए पर साक्ष्य पेश करते हुए आरोप लगाए हैं। ...और पढ़ें

NEET UG 2026: रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र एनटीए पर गड़बड़ी का लगा रहे आरोप।
HighLights
नीट स्टूडेंट अभय यादव ने OMR शेयर कर दिखाई गड़बड़ी।
स्टूडेंट मुकुल को एनटीए ने 24 घंटे के अंदर जारी कर दिए दो अलग-अलग स्कोरकार्ड।
एजुकेशन डेस्क, नई दिल्ली। एनटीए द्वारा जबसे नीट यूजी री-एग्जाम का रिजल्ट घोषित किया गया है तबसे ही छात्र इसमें लगातार गड़बड़ी का आरोप लगा रहे हैं। कानपुर की छात्रा आर्या के बाद अब एक अभय यादव ने अपनी OMR शीट के साथ एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने NTA पर गड़बड़ी का आरोप लगाया है।
क्या है पूरा मामला
सोशल मीडिया X पर शेयर किये गए वीडियो में OMR शीट शेयर कर बताया गया है कि अभय यादव के Re-NEET आंसर की के अनुसार 634 नंबर थे लेकिन रिजल्ट में मात्र 164 नंबर दिख रहे हैं बच्चे के अनुसार OMR में 5 प्रश्न छोड़े गए, लेकिन result में जो OMR है उसमें 45 प्रश्न छूटे हैं। उन्होंने NTA और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से संज्ञान लेने की अपील की है।
सोनीपत के छात्र को जारी कर दिए दो स्कोरकार्ड
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा रिजल्ट जारी होने के बाद 17 जुलाई को हरियाणा के सोनीपत के छात्र मुकुल काजल ने अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड किया जिसमें उनके 720 में से 605 अंक थे और उनकी रैंक 9551 दर्ज थी। फाइनल आंसर की को ध्यान में रखते हुए भी उन्हें 605 अंक प्राप्त हुए थे। इसके बाद 18 जुलाई की सुबह दोबारा स्कोरकार्ड डाउनलोड करने पर उन्हें 720 में से केवल 60 अंक प्राप्त हुए और उनकी रैंक 1876324 पहुंच गई। उन्होंने दोनों ही स्कोरकार्ड के प्रिंटआउट को सुरक्षित रखा है और एनटीए के महानिदेशक को शिकायत भेजी है।
कानपुर की छात्रा आर्या का भी आरोप
आर्या के मुताबिक, 13 जुलाई NTA ने द्वारा पोर्टल पर स्कैन की हुई OMR शीट उपलब्ध करवाई थीं। उन्होंने अपनी OMR शीट डाउनलोड करने के बाद उसमें पाया कि कि सवालों का क्रम उस प्रश्न-पत्र से मेल नहीं खा रहा था जिसे उन्होंने हल किया था। आगे उन्होंने वीडियो में बताया कि उन्होंने खुद आंसर्स का मिलान किया और 609 अंकों का स्कोर निकाला। इसके बाद उन्होंने NTA के आधिकारिक पोर्टल के जरिए एक चुनौती (चैलेंज) सबमिट की, जिसमें उन्होंने क्रम से जुड़ी गड़बड़ी की बात बताई।
इसके बाद NTA ने बाद में वेबसाइट पर OMR शीट को अपडेट किया और सवालों के क्रम को ठीक किया। उनका दावा है कि सुधार के बाद भी उनका कैलकुलेटेड स्कोर 609 ही रहा, जिससे उन्हें भरोसा हो गया कि नतीजे घोषित होने से पहले ही यह समस्या सुलझा ली गई थी। लेकिन रिजल्ट जारी होने के बाद कहानी पूरी तरह पलट गई। जो स्कोर पहले 609 था वह अब केवल 167 बचा था।