स्वास्थ्य विभाग की कैंटीन में एक्सपायर्ड इडली-रवा, विधानसभा के रेस्तरां में मिले कॉकरोच; बेंगलुरु में FDA का एक्शन
बेंगलुरु में FDA ने सरकारी प्रतिष्ठानों, गोदामों और कैंटीनों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। स्वास्थ्य विभाग की कैंटीन में एक्सपायर्ड इडली-रवा मिला, जबकि विधान सौधा के रेस्तरां और Zepto गोदाम में भी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
HighLights
स्वास्थ्य विभाग की कैंटीन में एक्सपायर्ड इडली-रवा मिला
विधान सौधा के रेस्तरां में गंदगी, कॉकरोच पाए गए
Zepto गोदाम और Zomato यूनिट पर भी कार्रवाई हुई
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बेंगलुरु में ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू की है। इस अभियान के तहत FDA ने सरकारी प्रतिष्ठानों, गोदामों और निजी कैंटीनों पर भी छापेमारी की।
छापेमार कार्रवाई के दौरान कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय 'आरोग्य सौधा' की कैंटीन में अस्वच्छ परिस्थितियों के साथ-साथ एक्सपायर्ड इडली रवा और नारियल पाउडर मिला है। जिसके बाद उसे नोटिस जारी करते हुए कैंटीन को बंद करने का आदेश दिया गया है।
दरअसल, FDA अधिकारियों मगदी रोड स्थित कैंटीन पर छापेमारी की तो एक्सपायर हो चुके इडली, रवा और नारियल मिले। जांच के दौरान पाया गया कि खाद्य उत्पादों को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (fssai) के दिशानिर्देशों के अनुसार संग्रहित नहीं किया गया था और पर्याप्त कीट नियंत्रण उपाय भी नहीं किए गए थे। जिसके बाद विभाग ने कैंटीन को नोटिस जारी किया है।
-1786589876159.webp)
किचन में कॉकरोच
बेंगलुरु में चलाए जा रहे गहन खाद्य सुरक्षा अभियान के दौरान कई स्टार होटलों, गोदामों और खाद्य निर्माण इकाइयों पर छापेमार कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के दौरान विकासा सौधा स्थित (विधानसभा) एक कैंटीन को सील कर दिया, वहीं विधान सौधा परिसर में संचालित 'मल्लिगे ऊटाडा माने' रेस्तरां को तुरंत प्रभाव से बंद करने का आदेश दिया है। क्योंकि यहां सफाई की जगह गंदगी और कीट नियंत्रण की जगह कॉकरोच मिले।
कीट नियंत्रण के उपाय न होने के कारण विकासा सौधा की कैंटीन व विधान सौधा परिसर स्थित रेस्तरां को बंद करने के आदेश दिए गए।
Zepto गोदाम पर भी कार्रवाई
इससे पहले मंगलवार को एफडीए ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेंगलुरु ग्रामीण के होसकोटे तालुक में निप्पॉन एक्सप्रेस द्वारा संचालित Zepto के एक गोदाम को भी सील कर दिया था। जांच में पाया गया कि वहां लेबलिंग के नियमों का उल्लंघन, उत्पादों की गलत ब्रांडिंग और भोजन के रखरखाव व भंडारण में भारी अस्वच्छता बरती जा रही थी।
जोमैटो हाइपरप्योर यूनिट पर FDA की कार्रवाई
प्रमुख खाद्य आपूर्ति श्रृंखला संचालकों के खिलाफ जारी अभियान के तहत एफडीए अधिकारियों ने सकलवारा स्थित जोमैटो की 'हाइपरप्योर' यूनिट का निरीक्षण किया। यह सुविधा कई बड़े होटलों को खाद्य और अन्य कच्चे उत्पादों की आपूर्ति करती है। हालांकि, अधिकारियों ने परिसर को साफ-सुथरा बताया, लेकिन जांच के दौरान लेबलिंग, लाइसेंसिंग और भंडारण से जुड़ी कई गंभीर अनियमितताएं और कमियां पाई गईं।
अधिकारियों ने जोमैटो की इस हाइपरप्योर यूनिट से जांच के लिए कुल 40 नमूने एकत्र किए (जिनमें 5 कानूनी नमूने और 35 सर्वेक्षण नमूने शामिल हैं)। विभाग ने जोमैटो हाइपरप्योर यूनिट को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और तय प्रावधानों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
