विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कॉकरोच-चूहे, एक्सपायर्ड मीट और सड़ी हुईं सब्जियां... आपकी थाली में परोसा जा रहा जहर

Updated: Tue, 18 Aug 2026 04:40 PM (IST)

कर्नाटक और महाराष्ट्र में FDA की कार्रवाई से फाइव-स्टार होटलों से लेकर सरकारी कैंटीनों तक में सड़ा-गला और एक्सपायर्ड खाना मिलने का खुलासा हुआ है।

कर्नाटक-महाराष्ट्र में FDA ने की छापेमारी में चूहे-कॉकरोच और गंदगी के कारण कई जगहें सील

कर्नाटक-महाराष्ट्र में FDA ने की छापेमारी में चूहे-कॉकरोच और गंदगी के कारण कई जगहें सील

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कर्नाटक और महाराष्ट्र में फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) की सख्त कार्रवाई ने फाइव-स्टार होटल, फास्ट-फूड चेन, सरकारी कैंटीन, रेस्टोरेंट, गोदाम और किराना सप्लायर्स तक जांच का दायरा बढ़ा दिया है।

एक्सपायर्ड और सड़ा-गला खाना, कीड़े-मकोड़े, खराब स्टोरेज और नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आने से चिंता बढ़ गई है कि ग्राहक अनजाने में क्या खा रहे हैं? भारी मात्रा में खाना जब्त कर नष्ट किया गया, किचन बंद किए गए, गोदाम सील हुए और लाइसेंस सस्पेंड किए गए।

कर्नाटक में स्टार होटलों पर छापा

शिकायतों के बाद कर्नाटक FDA ने 30 स्पेशल टीमें बनाईं। अगस्त के पहले सप्ताह में बेंगलुरु और आसपास के 26 स्टार होटलों की जांच हुई, 35 सैंपल लिए गए। रैडिसन ब्लू एट्रिया से 105 किलो एक्सपायर्ड खाना (50 किलो चिकन, 25 किलो मीट, 23 किलो मछली, 7 किलो सब्जियां) जब्त किया गया।

द ललित अशोक से 76 किलो मीट, 200 किलो सब्जियां और 32 लीटर एक्सपायर्ड दूध को नष्ट किया गया। ताज यशवंतपुर से 72 किलो मीट-मछली, फोर सीजन्स से 19 किलो मीट, शांगरी-ला से 15 किलो मीट और विवंता व्हाइटफील्ड से 3 किलो एक्सपायर्ड बेकरी आइटम जब्त हुए।

एक होटल में सड़े आलू-टमाटर भी मिले। FDA कमिश्नर श्रीनिवास के. के अनुसार अभियान जारी रहेगा। टीमें FSSAI चेकलिस्ट से किचन, कोल्ड स्टोरेज, क्रॉस-कंटैमिनेशन और कोल्ड चेन की जांच कर रही हैं।

सरकारी कैंटीनों और दफ्तरों में चूहे-कीड़े

बोम्मनहल्ली के पास गोट्टिगेरे इंदिरा कैंटीन के सेंट्रलाइज्ड किचन में चूहे घूमते मिले, अनाज-तेल के पाउच कुतरे हुए और चीनी में कीड़े पाए गए।

किचन जब्त कर बंद कर दिया गया। लिंगराजपुरम किचन में भी साफ-सफाई की कमी मिली। आरोग्य सौधा कैंटीन में एक्सपायर्ड इडली रवा और नारियल पाउडर मिला।

विकास सौधा की एक कैंटीन सील हुई। लेजिस्लेटर्स होम में मल्लिगे ऊटाडा माने को कॉकरोच मिलने पर बंद किया गया।

वेयरहाउस और सप्लाई चेन पर कार्रवाई

होसकोटे में जेप्टो वेयरहाउस गलत लेबलिंग और गंदगी के कारण सील किया गया। अनेकल में जोमैटो हाइपरप्योर यूनिट से 146 किलो चिकन (बिना वैध FSSAI नंबर), 40 किलो लहसुन और गलत लेबल वाले चावल-मसाले मिले। 40 सैंपल लिए गए।

मंगलुरु और मैसूर में भी सख्ती

मंगलुरु के केएफसी आउटलेट पर ग्राहक की शिकायत के बाद छापा पड़ा, सैंपल लैब भेजे गए। मैसूर में रियो मेरिडियन से 9 किलो, ग्रैंड मर्क्योर से 68 किलो मीट और अन्य जगहों से एक्सपायर्ड सामान जब्त हुआ।

FDA का साफ कहना है कि खाना बनाने, स्टोर करने या सप्लाई करने वाली हर जगह जांच के दायरे में है। ग्राहकों को सतर्क रहना होगा।

यह भी पढ़ें- बासी ब्रेड, 60 किलो फ्राइड मटर-दाल... बेंगलुरु के अस्पताल के किचन में मिला एक्सपायर्ड खाना

यह भी पढ़ें- स्वास्थ्य विभाग की कैंटीन में एक्सपायर्ड इडली-रवा, विधानसभा के रेस्तरां में मिले कॉकरोच; बेंगलुरु में FDA का एक्शन