विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चढ़ावा चोरी से सीमा विवाद तक... CWC की बैठक में खरगे ने पीएम की चुप्पी पर उठाए सवाल

Published: Wed, 19 Aug 2026 07:04 PM (IST)

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने CWC बैठक में मोदी सरकार पर युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राम मंदिर चढ़ावा चोरी और चीन सीमा विवाद पर निशाना साधा।

खरगे ने मोदी सरकार की नीतियों को युवाओं की हताशा का कारण बताया

खरगे ने मोदी सरकार की नीतियों को युवाओं की हताशा का कारण बताया

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। छात्रों के मुद्दे को पार्टी की प्राथमिकता में रखने का संदेश देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया है कि मोदी सरकार की गलत नीतियों ने हमारे युवाओं को भारी हताशा के दलदल में धकेल दिया है। साथ ही कहा कि समय आ गया है कि कांग्रेस भविष्य की तैयारी के लिहाज से युवाओं के लिए एक स्पष्ट, व्यापक और समयबद्ध 'शिक्षा से रोजगार का रोडमैप' तैयार करे।

अयोध्या में श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में प्रधानमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए खरगे ने कहा कि केवल चंद छोटे लोगों को जेल भेजने से यह मामला समाप्त नहीं होने वाला। वहीं सीमा पर चीन से जारी विवाद के संदर्भ में सरकार पर तथ्य छिपाने का आरोप लगाते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा पर राजनीति नहीं होनी चाहिए पर किसी भी स्तर पर इसकी अनदेखी भी नहीं होनी चाहिए।

12 साल में सरकार ने युवाओं को बर्बाद किया 

संसद के मानसून सत्र के बाद ज्वलंत विषयों पर पार्टी की आगे की रणनीति पर चर्चा के लिए बुधवार को इदिरा भवन में हुई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक की शुरूआत करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में मोदी सरकार ने युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है। नए स्कूल खुलने के बजाय हाल के वर्षों में 94,000 स्कूल बंद हो गए हैं।

निजीकरण की होड़ के कारण, उच्च शिक्षा लगातार महंगी और आम परिवारों की पहुंच से बाहर होती जा रही है। सांप्रदायिक उन्माद और रेवड़ी संस्कृति की होड़ में सबसे अधिक उपेक्षा युवाओं के शिक्षा और रोजगार की हुई है। शिक्षा संस्थानों में आरएसएस का कब्जा होता जा रहा है।

पीएम और गृहमंत्री शाह पर लगाएं आरोप 

इस हालात में भी जब पढ़-लिख कर युवा नौकरी की तलाश में निकलता है तो पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में घोटाला और नियुक्तियों में देरी से उसका सामना होता है जिसमें सबसे बुरी हालत गरीब और कमजोर हैसियत वाले बच्चों की होती है।

सरकार के पास युवाओं की बातें सुनने की फुरसत नहीं और इसलिए उनको सड़क पर उतरने को मजबूर होना पड़ा। खरगे ने संसद में छात्रों पर हुई पुलिस ज्यादती पर चर्चा नहीं हो पाने के लिए उन्होंने पीएम और गृहमंत्री अमित शाह को जिम्मेदार ठहराया।

किन मुद्दों पर सबसे ज्यादा चर्चा 

राम मंदिर चढ़ावा चोरी को अहम बताते हुए खरगे ने कहा कि इस भारी घोटाले का मुद्दा जन जन के बीच गूंज रहा है और लोग सवाल पूछ रहे हैं पर पीएम लगातार मौन हैं।

देश जानना चाहता है कि वहां कितना चढ़ावा आया और अन्य बहुमूल्य सामग्री आई। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा चंदा चोरी पर जितना भटकाएगी संदेह उतना ही गहरा होगा और इसलिए पीएम मोदी को जनता से क्षमा मांगते हुए जवाब देना चाहिए।

खरगे ने हाल में सीमा पर चीन द्वारा अतिक्रमण से जुड़े गंभीर तथ्य सामने आने का दावा करते हुए कहा कि सरकार को इस पर ईमानदारी से बात रखनी चाहिए थी पर आदत के मुताबिक ने सूत्रों के पीछे छिपते हुए इन खबरों को गलत बताया है पर देश की सीमाओं की वास्तविक हकीकत क्या है यह नागरिकों को जानने का अधिकार है।

यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस में कब खत्म होगी खींचतान? कार्यसमिति की बैठक से चरणजीत चन्नी ने बनाई दूरी

यह भी पढ़ें- कांग्रेस के 'रचनात्मक' सम्मेलन में आम जन से जुड़ाव पर जोर, आज राहुल गांधी और खरगे करेंगे संबोधित