Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    संसद में 'इडियट' और 'अंधभक्त' पर रार, हंगामे के बाद राहुल गांधी के भाषण पर चली कैंची

    Updated: Wed, 29 Jul 2026 02:22 PM (IST)

    लोकसभा में एंटी-पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने छात्रों के प्रदर्शन की सराहना की। उनके 'इडियट' शब्द के प्रयोग पर सदन में हंगामा हो गया। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. राहुल गांधी ने एंटी-पेपर लीक बिल पर भाषण दिया।

    2. छात्रों के प्रदर्शन को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

    3. 'इडियट' शब्द के प्रयोग पर सदन में हंगामा हुआ।

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में एंटी-पेपर लीक बिल पर चर्चा चल रही है। सदन में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भाषण दे रहे हैं। राहुल गांधी के भाषण के दौरान लोकसभा में हंगामा मच गया।

    राहुल गांधी ने छात्रों के प्रदर्शन पर कहा, 'इस देश के भविष्य ने हमारी सड़कों पर जो किया, उसे देखकर मैं बहुत उत्साहित और आश्वस्त महसूस कर रहा हूं। यह गुस्सा, हिंसा या नफरत नहीं थी, बल्कि इस देश के युवाओं और आने वाली पीढ़ी की गहरी भावना का इजहार था।'

    राहुल गांधी ने सदन में 'इडियट' शब्द का इस्तेमाल किया, जिस पर सत्ता पक्ष के लोगों ने आपत्ति जताई। इसके साथ ही सदन में हंगामा मच गया।

    राहुल गांधी ने कहा- स्टूडेंट कौन है और इडियट कौन?

    राहुल गांधी ने भाषण के दौरान कहा, 'तीन तरह के लोग होते हैं.. विद्यार्थी, अंध भक्त और इडियट। जहां 'अंधभक्त' को लगता है कि 'इडियट' ही भगवान है। आप बताइए स्टूडेंट कौन है और इडियट कौन?'

    जंतर-मंतर पर विरोध कर रहे छात्रों के साथ अपनी बातचीत को याद करते हुए, राहुल गांधी ने एक युवा महिला के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि स्टूडेंट होने का क्या मतलब है।

    राहुल ने कहा, 'मैंने उस लड़की से पूछा, 'तुमने मुझे बताया कि तुम एक स्टूडेंट हो। इसका क्या मतलब है? क्या तुम कॉलेज या स्कूल में पढ़ती हो, या इसका मतलब है कि तुम किताबें पढ़ती हो?'

    कांग्रेस नेता ने आगे बताया, 'उसने बहुत सुंदर जवाब दिया। उसने कहा, स्टूडेंट वह है जिसका दिमाग और दिल खुला हो, जो शुरू से ही यह मान ले कि उसे कुछ नहीं पता। स्टूडेंट जानता है कि जो कुछ भी वह जानता है, उसे बाद में नई जानकारी से बदला जा सकता है। स्टूडेंट समझता है कि ब्रह्मांड लगातार बदल रहा है और इसलिए स्टूडेंट समझता है कि ज्ञान भी लगातार बदल रहा है।'

    राहुल गांधी ने इसके बाद उस स्टूडेंट द्वारा बताए गए एक और तरह के लोगों का जिक्र किया और कहा, 'उसने मुझे बताया कि लोगों की एक और कैटेगरी होती है। वे स्टूडेंट नहीं होते, उन्हें पूरा यकीन होता है कि वे सब कुछ जानते हैं।'

    खबरें और भी

    कांग्रेस नेता ने कहा, 'वे मानते हैं कि ब्रह्मांड स्थिर है और उन्हें लगता है कि ज्ञान उनके अंदर से ही आता है। वे खुद को भगवान मानते हैं, उन्हें लगता है कि जो कुछ भी जानने लायक है, वे सब जानते हैं। वे अहंकारी होते हैं, वे किसी की बात नहीं सुनते, वे दूसरों की सच्चाई का सम्मान नहीं करते।'

    राहुल गांधी ने आगे बताया, 'मैंने उस स्टूडेंट से पूछा, तुम ऐसे लोगों को क्या कहती हो? उसने कहा, मैं उन्हें इडियट (मूर्ख) कहती हूं।' राहुल ने लोकसभा में भाषण के दौरान कहा, 'अंधभक्त वह व्यक्ति है जो दूसरे व्यक्ति को भगवान मानता है।'

    किरेन रिजिजू ने जताई आपत्ति

    राहुल गांधी के इडियट शब्द का इस्तेमाल करते ही संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आपत्ति जताई और स्पीकर ओम बिरला से आग्रह किया कि वे इस असंसदीय शब्द को कार्यवाही से हटा दें।

    किरेन रिजिजू के बोलने पर राहुल गांधी ने कहा, 'अध्यक्ष जी, अगर आप चाहते हैं कि देश में सिर्फ BJP बोले तो मैं चुप होकर बैठ जाऊंगा। मैं जब भी बोलता हूं, BJP की तरफ से कोई न कोई बोलने लगता है।'

    राहुल गांधी ने एजुकेशन सिस्टम पर उठाए सवाल

     

    राहुल गांधी ने एजुकेशन सिस्टम को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, 'शिक्षा सिस्टम बहुत महंगा है। सरकार पूरे शिक्षा बजट में जितना खर्च करती है, उससे कहीं ज्यादा पैसा एक परीक्षा पर खर्च हो जाता है।'

     

    कांग्रेस नेता ने आगे कहा, 'छात्र इसलिए परेशान हैं क्योंकि वे अपनी पसंद के काम नहीं कर पा रहे हैं। छात्र इस बात से बहुत परेशान हैं कि उन्हें अपने पैशन को फॉलो करने या अपने मन के सवाल पूछने की इजाजत नहीं है।'

    राहुल गांधी ने अमित शाह पर साधा निशाना

    राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह को लेकर सदन में बयान दिया। राहुल गांधी ने कहा, 'गृह मंत्री ने छात्रों पर पैलेट गन का इस्तेमाल करने की इजाजत दी।'

    किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी के दावों को खारिज किया। इसके साथ ही किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी से माफी मांगने के लिए कहा।

    सदन में चर्चा के दौरान राहुल गांधी के समर्थन में अखिलेश यादव बोलने आए, लेकिन रिजिजू ने कहा, 'आप कार्रवाई की मांग कर सकते हैं, लेकिन किसी पर इस तरह आरोप नहीं लगा सकते।'

    राहुल गांधी के भाषण की बड़ी बातें

    पब्लिक एग्जामिनेशन्स (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन बिल, 2026 पर बहस में हिस्सा लेते हुए राहुल ने कहा कि देशव्यापी विरोध प्रदर्शन छात्रों की चिंताओं और उनके भविष्य को लेकर उनकी उम्मीदों को दिखाते हैं।

    राहुल गांधी ने आगे कहा, 'असल में, मुझे पूरा यकीन है और मैंने इसके उदाहरण भी देखे हैं कि अगर BJP के मेरे दोस्त अपने ही बच्चों से पूछें कि उनके भाई-बहन जो कर रहे थे, उसके बारे में वे क्या सोचते हैं, तो उन्हें अपने बच्चों की सहमति ही मिलेगी।'


    यह भी पढ़ें- नए शिक्षा मंत्री पर भी कांग्रेस का निशाना, बिलकिस बानो दुष्कर्म के दोषियों की रिहाई का समर्थन करने का लगाया आरोप