ओडिशा में सनसनीखेज वारदात: ससुराल गए युवक का मिला शव, पत्नी पर प्राइवेट पार्ट काटकर हत्या करने का आरोप
ओडिशा के कटक में पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला पर अपने पति मनोज मलिक के गुप्तांग काटकर हत्या करने का आरोप लगा है।
-1779104720098_m.webp)
युवक की हत्या। (जागरण)
HighLights
महिला पर पति के गुप्तांग काटकर हत्या का आरोप।
कटक के बड़ंबा में पारिवारिक विवाद का मामला।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के कटक जिले के बड़ंबा इलाके से सोमवार को एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां एक महिला पर पारिवारिक विवाद के बाद अपने पति के गुप्तांग काटकर हत्या करने का आरोप लगा है।
मृतक की पहचान अलारा गांव निवासी मनोज मलिक के रूप में हुई है। मृतक के वृद्ध पिता बसंत मलिक ने आरोप लगाया है कि मनोज की पत्नी लक्ष्मीप्रिया राउत ने उसे बड़ंबा के कराडीबांधा गांव स्थित ससुराल बुलाया था। इसके बाद लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद के चलते उसकी हत्या कर दी गई।
बसंत मलिक का आरोप है कि उनके बेटे पर उसकी पत्नी ने गुप्तांग पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामले में लिखित शिकायत मिलने के बाद ओडिशा पुलिस ने बड़ंबा थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
आठगढ़ एसडीपीओ बिश्वजीत मोहंती ने मीडिया को बताया कि इस मामले में केस नंबर 194/2026 दर्ज किया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि मृतक मनोज मलिक पिछले चार-पांच वर्षों से अपने ससुराल कराडीबांधा गांव में रह रहा था। वह नरसिंहपुर के अलारा गांव का निवासी था। शादी के कुछ दिनों बाद भाइयों के साथ विवाद होने पर वह ससुराल में रहने लगा था।
फंदे पर लटका हुआ मिला था शव
एसडीपीओ ने आगे बताया कि मनोज का शव फंदे से लटका हुआ मिला था, जिसके बाद पहले उसकी पत्नी की शिकायत पर अस्वाभाविक मौत (यूडी) का मामला दर्ज किया गया था। बाद में पिता द्वारा एफआईआर दर्ज कराने पर मामले को हत्या में परिवर्तित कर दिया गया।
इधर, मृतक की पत्नी ने दावा किया है कि मनोज ने आत्महत्या की थी। हालांकि, मृतक के पिता ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए इसे सुनियोजित हत्या बताया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा क्लीयर
पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच टीम की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह हत्या का मामला है या आत्महत्या।
एसडीपीओ मोहंती ने कहा कि यदि जांच में पत्नी या ससुराल पक्ष की संलिप्तता सामने आती है, तो संबंधित लोगों को निश्चित रूप से गिरफ्तार किया जाएगा। पत्नी और ससुराल वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। घटना के बाद बड़ंबा क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।