दिल्ली में नितिन नवीन से मिले CM मोहन माझी, ओडिशा कैबिनेट विस्तार को लेकर अटकलें तेज; 6 मंत्रिपद खाली
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी ने दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की, जहां राज्य के विकास और पार्टी संगठन पर चर्चा हुई। ...और पढ़ें

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात करते हुए सीएम मोहन माझी। फोटो- एक्स
HighLights
सीएम मोहन माझी ने दिल्ली में नितिन नबीन से मुलाकात की।
राज्य विकास और पार्टी संगठन पर हुई विस्तृत चर्चा।
ओडिशा मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें हुई तेज, छह पद रिक्त।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन नबीन से मुलाकात की। इस दौरान राज्य के विकास रोडमैप और पार्टी संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने इस उच्चस्तरीय बैठक की तस्वीरें सोशल मीडिया मंच ''एक्स'' पर साझा कीं। हालांकि, इस बैठक के बाद ओडिशा मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
विकास और संगठन पर रही चर्चा
जानकारी के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच हुई संक्षिप्त बैठक में प्रशासनिक प्रगति, संगठन को मजबूत बनाने और राज्य में आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। बताया जा रहा है कि चर्चा का मुख्य केंद्र प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘समृद्ध ओडिशा’ और ‘विकसित भारत’ के विजन को साकार करने के लिए आवश्यक कदमों पर रहा।
मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें
हालांकि आधिकारिक तौर पर बैठक का एजेंडा शासन और विकास से जुड़ा बताया गया, लेकिन इसकी टाइमिंग ने संभावित मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों को और हवा दे दी है।
वर्तमान ओडिशा सरकार में अभी भी छह मंत्री पद रिक्त हैं। सूत्रों के मुताबिक, इन खाली पदों और अन्य प्रशासनिक नियुक्तियों को अंतिम रूप देने के लिए दिल्ली में लगातार शीर्ष स्तर की बैठकें हो रही हैं।
मुख्यमंत्री माझी का केवल एक दिन के लिए दिल्ली जाना और शुक्रवार सुबह ओडिशा लौट आना भी अटकलों को बल दे रहा है। राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि यह दौरा मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले संभावित नामों पर अंतिम सहमति बनाने के लिए हो सकता है।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक न तो नितिन नबीन और न ही मुख्यमंत्री मोहन माझी की ओर से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि की गई थी।
यह भी पढ़ें- ओडिशा में 1.10 लाख करोड़ का मेगा निवेश, 53,500 से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार
यह भी पढ़ें- मुआवजा मिला, लेकिन आम लोगों की सुरक्षा का कौन उठाएगा जिम्मा? ओडिशा का रम्पेला पुल बना मौत का हाईवे