Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ओडिशा में गृहप्रवेश भोज और हॉस्टल का खाना खाने से हड़कंप, 90 से ज्यादा बीमार; 30 बच्चे भी शामिल

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 01:50 PM (IST)

    ओडिशा में दो अलग-अलग घटनाओं में 90 से अधिक लोग बीमार पड़ गए, जिनमें 30 बच्चे भी शामिल हैं। बालेश्वर में गृहप्रवेश भोज और मयूरभंज के छात्रावास में खाना ...और पढ़ें

    90 से ज्यादा बीमार ( एआई जेनरेटेड तस्वीर )

    90 से ज्यादा बीमार ( एआई जेनरेटेड तस्वीर )

    HighLights

    1. बालेश्वर में गृहप्रवेश भोज से 70 से अधिक लोग बीमार।

    2. मयूरभंज छात्रावास में 19 से अधिक छात्राएं हुईं बीमार।

    3. दोनों घटनाओं में खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे।

    जागरण संवाददाता, अनुगुल। ओडिशा में गुरुवार को दस्त और फूड पॉइजनिंग जैसे लक्षणों के दो बड़े मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी। बालेश्वर जिले में गृहप्रवेश भोज में शामिल होने के बाद 70 से अधिक लोग बीमार पड़ गए, जबकि मयूरभंज जिले के एक छात्रावास में रात का भोजन करने के बाद 19 से अधिक छात्राएं अस्पताल में भर्ती करानी पड़ीं। 

    दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी गई है। बालेश्वर जिले के जलेश्वर ब्लॉक के खारिदा गांव में गृह प्रतिष्ठा समारोह के दौरान आयोजित भोज के बाद ग्रामीणों को अचानक उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। 

    70 से अधिक लोग प्रभावित

    स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक 70 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें 30 से अधिक बच्चे शामिल हैं। लगभग 50 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी मरीजों का इलाज जलेश्वर अस्पताल में चल रहा है। गांव और अस्पताल में मेडिकल टीम तैनात कर दी गई है। 

    जिला स्वास्थ्य अधिकारियों ने भोजन और पानी के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। बीमारी का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।उधर, मयूरभंज जिले के कपतीपाड़ा ब्लॉक स्थित एसएसडी गर्ल्स हाई स्कूल छात्रावास में भी भोजन के बाद छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। 

    छात्राओं को मछली और चावल परोसा गया

    छात्रावास में रहने वाली 275 छात्राओं को गुरुवार रात मछली और चावल परोसा गया था। इसके बाद कई छात्राओं को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ने पर 19 से अधिक छात्राओं को कपतीपाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

    खबरें और भी

    मेडिकल टीम छात्रावास पहुंचकर सभी छात्राओं की स्वास्थ्य जांच कर रही है। दोनों घटनाओं में स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर खाद्य पदार्थों और पानी के नमूने एकत्र किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बीमारी दूषित भोजन, पानी या किसी अन्य संक्रमण के कारण फैली। फिलहाल दोनों स्थानों पर चिकित्सा निगरानी बढ़ा दी गई है।

    यह भी पढ़ें- ओडिशा में वोटर लिस्ट से हटाए गए 50 हजार नाम, 19 अगस्त तक जवाब नहीं देने पर और कटेंगे नाम