Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ओडिशा में वोटर लिस्ट से हटाए गए 50 हजार नाम, 19 अगस्त तक जवाब नहीं देने पर और कटेंगे नाम

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 01:34 PM (IST)

    ओडिशा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत अब तक करीब 50 हजार नाम हटाए गए हैं। जिन मतदाताओं को नोटिस जारी हुए हैं, उन्हें 19 अगस्त तक ...और पढ़ें

    ओडिशा में वोटर लिस्ट से हटाए गए 50 हजार नाम

    ओडिशा में वोटर लिस्ट से हटाए गए 50 हजार नाम

    HighLights

    1. ओडिशा मतदाता सूची से 50 हजार नाम हटाए गए।

    2. नोटिस का जवाब देने की अंतिम तिथि 19 अगस्त।

    3. विदेशी नागरिकों के नाम सूची में होने की जांच जारी।

    जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान अब तक करीब 50 हजार मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा चुके हैं। 

    मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने वाले 12,572 मतदाताओं के नाम काट दिए गए हैं, जबकि एक से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज होने के कारण 37,265 लोगों ने स्वयं फॉर्म-7 के जरिए अपना नाम हटाने के लिए आवेदन किया था।

    राज्यभर में मतदाता सूची के सत्यापन को लेकर दावे, आपत्तियां और सुनवाई की प्रक्रिया जारी है। निर्वाचन अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिन लोगों को नोटिस जारी किया गया है, वे 19 अगस्त तक अपना पक्ष रख सकते हैं। तय समय सीमा तक जवाब नहीं देने वालों के नाम भी मतदाता सूची से हटाए जा सकते हैं।

    58.36 लाख से अधिक लोगों को नोटिस 

    सीईओ कार्यालय के मुताबिक, अब तक बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने 58.36 लाख से अधिक लोगों को नोटिस जारी किए हैं। इनमें से 57.77 लाख लोगों तक नोटिस पहुंचाए जा चुके हैं। नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं में से 30.11 लाख मामलों की सुनवाई पूरी हो चुकी है। सुनवाई के दौरान जिन मतदाताओं ने अपनी पात्रता संबंधी आवश्यक जानकारी या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए, उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए।

    जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो ढेंकानाल विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 1,120 नाम हटाए गए हैं। इसके बाद भद्रक में 1,063 मतदाताओं के नाम सूची से बाहर हुए हैं। वहीं महाकालपाड़ा में 36 और मलकानगिरि में 10 नाम हटाए गए हैं। हालांकि जिन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में संदिग्ध मतदाताओं की आशंका जताई जा रही थी, वहां अभी भी सुनवाई प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है।

    खबरें और भी

    विदेशी नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल होने की शिकायत

    निर्वाचन विभाग ने उन मामलों पर भी विशेष निगरानी रखी है, जहां कथित तौर पर विदेशी नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल होने की शिकायतें मिली हैं। अधिकारियों को ऐसे मामलों की जांच कर पात्रता नहीं मिलने पर नाम हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

    इस बीच नए मतदाताओं को जोड़ने की प्रक्रिया भी जारी है। फॉर्म-6 के माध्यम से अब तक 1.81 लाख से अधिक लोगों ने मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन किया है। वहीं नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन या परिवार के सदस्यों के नाम एक ही स्थान पर दर्ज कराने के लिए 1.63 लाख से अधिक आवेदन फॉर्म-8 के तहत प्राप्त हुए हैं।

    निर्वाचन आयोग के अनुसार, केंद्रापड़ा जिले का पटकुरा और अनुगुल जिले का आठमल्लिक विधानसभा क्षेत्र नोटिस वितरण और सुनवाई दोनों मामलों में 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर राज्य में सबसे आगे हैं।

    20.12 लाख नाम हटाए जा चुके थे

    गौरतलब है कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची से पहले ही 20.12 लाख नाम हटाए जा चुके थे। इसके अलावा 12 लाख से अधिक मतदाताओं के रिकॉर्ड अधूरे पाए जाने पर उन्हें नोटिस भेजे गए हैं। अब सबकी नजर 21 सितंबर पर टिकी है, जब अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी और यह साफ हो जाएगा कि पुनरीक्षण अभियान के बाद कुल कितने मतदाता सूची से बाहर हुए।

    यह भी पढ़ें- टूटे पैर, बुलंद हौसले! ओडिशा में 250 KM तिपहिया साइकिल चलाकर इलाज कराने अस्पताल पहुंचे 65 साल के बुजुर्ग