Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आंध्र-ओडिशा सीमा पर सुरक्षाबलों ने की छापामारी: नक्सलियों के कब्जे से हथियारों का जखीरा बरामद, IED विस्फोटक जब्त

    Updated: Sun, 28 Jun 2026 01:38 PM (IST)

    ओडिशा के मलकानगिरी जिले में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके हथियारों और विस्फोटकों का विशाल जखीरा बरामद किया। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. मलकानगिरी में सुरक्षा बलों ने माओवादी हथियारों का जखीरा पकड़ा।

    2. दो एसएलआर राइफल, पिस्तौल, आईईडी, विस्फोटक बरामद किए गए।

    3. आत्मसमर्पित नक्सलियों की खुफिया जानकारी पर हुई यह कार्रवाई।

    जागरण संवाददाता, अनुगुल। ओडिशा के मलकानगिरी जिले में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके हथियारों और विस्फोटकों के एक बड़े जखीरे का पर्दाफाश किया है।

    जिला स्वयंसेवी बल (डीवीएफ) की टीम ने कलिमेला थाना क्षेत्र के गुंथबाड़ा और कदमगुडा के घने जंगलों में छापेमारी कर दो एसएलआर राइफल, दो पिस्तौल, आईईडी, विस्फोटक सामग्री, कारतूस, वायरलेस संचार उपकरण और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया।

    यह कार्रवाई आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से मिली खुफिया सूचना के आधार पर की गई। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले की सीमा से लगे जंगलों में आज सुबह करीब साढ़े छह बजे शुरू हुए अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने माओवादियों के गुप्त ठिकाने का पता लगाया।

    सुरक्षा बलों के हाथ लगा बड़ा जखीरा

    तलाशी अभियान में दो एसएलआर राइफल, दो पिस्तौल, आईईडी, विस्फोटक सामग्री, बड़ी संख्या में कारतूस, बैटरियां, एंटीना, वॉकी-टॉकी सेट, तार, हार्ड डिस्क, पेनड्राइव, कीबोर्ड, दवा किट तथा अन्य सामग्री बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, यह पूरा जखीरा आंध्र-ओडिशा सीमा विशेष क्षेत्रीय समिति (एओबीएसजेडसी) के माओवादियों का है, जिसका इस्तेमाल सुरक्षा बलों और आम नागरिकों पर हमले की साजिश में किया जाना था।

    नक्सलमुक्त जिले की दिशा में बड़ी उपलब्धि

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह सफलता मलकानगिरी को पूर्णतः नक्सलमुक्त बनाने के अभियान को और मजबूती देगी। जनवरी 2025 से 31 मार्च 2026 तक जिले में दो माओवादियों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि 23 उग्रवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ मुख्यधारा में लौटते हुए आत्मसमर्पण किया है। लगातार कमजोर पड़ते माओवादी नेटवर्क के बीच यह बरामदगी संगठन के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।

    एक महीने में तीसरी बड़ी बरामदगी

    जून महीने में माओवादी हथियारों की बरामदगी की यह तीसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 9 जून को मथिली थाना क्षेत्र और 15 जून को पोडिया थाना क्षेत्र में भी सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया था। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एसओजी और डीवीएफ की संयुक्त टीमें जंगलों में लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही हैं और माओवादी गतिविधियों को पूरी तरह समाप्त करने तक अभियान जारी रहेगा।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- ओडिशा: 11 साल बाद कंधमाल दहेज हत्या मामले में आया फैसला, पति को 10; ससुराल पक्ष को 7-7 वर्ष की सजा

    यह भी पढ़ें- ओडिशा क्राइम ब्रांच का खुलासा: ₹10 के फटे नोट से होती थी गांजा की डील, शिक्षक सरगना समेत 4 को दबोचा