ओडिशा में 24 साल बाद शुरू होगा SIR अभियान, 25 मई तक हर जिले में खुलेंगे हेल्प डेस्क
ओडिशा में 24 साल बाद 30 मई से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान शुरू हो रहा है, जिसके लिए चुनाव आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। राज्य में 30 मई से शुरू होने जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआइआर) को लेकर चुनाव आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सभी जिला निर्वाचन कार्यालयों में 25 मई तक हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुशांत कुमार मिश्रा ने इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों और जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीइओ) को पत्र जारी किया है। हेल्प डेस्क के जरिए मतदाताओं को नाम जोड़ने, संशोधन, विलोपन, पात्रता और एसआइआर की समयसीमा संबंधी जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही ऑनलाइन और ऑफलाइन फॉर्म भरने तथा पुराने मतदाता डाटा से लिंक कराने में भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। खासतौर पर प्रवासी, बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को सुविधा देने पर जोर दिया गया है।
आयोग ने हेल्प डेस्क पर प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती और स्थानीय भाषा में जागरूकता सामग्री उपलब्ध कराने को कहा है।निर्वाचन आयोग की 1950 हेल्पलाइन और इसीआइ नेट ऐप के बारे में भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। जिलों को 25 मई तक हेल्प डेस्क की कार्यक्षमता संबंधी रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य में बूथों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। वर्तमान 38 हजार बूथों की संख्या बढ़ाकर 45 हजार करने की तैयारी है। वहीं मतदाता सूची में डबल सीरियल नंबर वाले करीब सात हजार नाम हटाए जा चुके हैं।
कांग्रेस और बीजद की ओर से उठाए गए सवालों पर भी आयोग ने जवाब दिया है।मुख्य निर्वाचन अधिकारी आरएस गोपालन ने कहा कि बेबुनियाद आरोप लगाकर निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता को नुकसान नहीं पहुंचाया जाना चाहिए।
करीब 24 वर्षों बाद ओडिशा में यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 3.34 करोड़ मतदाताओं का घर-घर जाकर सत्यापन होगा। राज्यभर में 38,123 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) डोर-टू-डोर सर्वे करेंगे।
उनकी मदद के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से 8,391 बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त किए जाएंगे। 20 मई से शुरू हुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम 29 मई तक चलेगा। 30 मई से 28 जून तक घर-घर सत्यापन होगा।
पांच जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद पांच जुलाई से चार अगस्त तक दावा और आपत्तियां ली जाएंगी। अंतिम मतदाता सूची छह सितंबर को जारी होगी
यह भी पढ़ें- श्रीजगन्नाथ रथयात्रा 2026: समुद्र तट से रेलवे स्टेशन तक कड़ी निगरानी, होटल-लॉज की होगी नियमित जांच
यह भी पढ़ें- पेट्रोल-डीजल की बचत को लेकर ओडिशा सरकार का बड़ा फैसला, सरकारी दफ्तरों में अब इलेक्ट्रिक वाहन अनिवार्य