ओडिशा के इस गांव में एंबुलेंस से नहीं, खाट पर ढोए जाते हैं मरीज; राशन के लिए चढ़नी पड़ती है 5 किमी की चढ़ाई
कालाहांडी के थुआमूल रामपुर ब्लॉक का बिलामाल गांव आजादी के दशकों बाद भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव में ...और पढ़ें
-1772419690481_m.webp)
मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करते ग्रामीण। फाइल फोटो
शेषनाथ राय, भुवनेश्वर। कालाहांडी जिला के थुआमूल रामपुर ब्लॉक अंतर्गत आने वाला दुर्गम बिलामाल गांव आज़ादी के कई दशक बाद भी मूलभूत सुविधाओं का इंतजार कर रहा है। चुनावी वादों के भरोसे वर्षों से विकास की बाट जोह रहे ग्रामीणों की जिंदगी आज भी कठिन हालात में गुजर रही है।
कालाहांडी–रायगढ़ा जिला सीमा पर नागावली नदी के पास बसे इस गांव तक पहुंचने के लिए ऊबड़-खाबड़ पथरीले रास्ते से करीब 5 किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। गांव में लगभग 250 परिवार रहते हैं, लेकिन सड़क, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं नदारद हैं।
सड़क नहीं होने के कारण गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को खाट पर लादकर 12 किलोमीटर दूर पड़ोसी रायगढ़ा जिले के कल्याणसिंहपुर अस्पताल ले जाया जाता है। गांव में आज तक एक भी नलकूप नहीं लग पाया है। दूषित पानी पीने से ग्रामीण बार-बार बीमार पड़ रहे हैं। महिलाएं घड़ा-मटकी लेकर गांव से दो किलोमीटर दूर पत्थर के कुंड से पानी लाने को मजबूर हैं, जहां रोज लंबी कतार लगती है।
ब्लॉक प्रशासन की ओर से लगाया गया सौर-चालित पंप मरम्मत के अभाव में बेकार पड़ा है। बिजली कनेक्शन नहीं होने से ग्रामीण आज भी दीये की रोशनी में रात बिताते हैं। प्रशासनिक तौर पर थुआमूल रामपुर ब्लॉक में होने के बावजूद रोजमर्रा की जरूरतों के लिए गांव वालों को कल्याणसिंहपुर पर निर्भर रहना पड़ता है। ब्लॉक मुख्यालय जाने के लिए करीब 90 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है।
खबरें और भी
पीडीएस का राशन लेने के लिए ग्रामीणों को पहाड़ी रास्तों से 5 किलोमीटर दूर सिलेट गांव जाना पड़ता है। गांव के बच्चे अब तक उच्च शिक्षा से वंचित हैं। थुआमूल रामपुर जैसे दुर्गम इलाकों में ऐसे कई गांव हैं, जहां हालात लगभग एक जैसे हैं।
इस संबंध में थुआमूल रामपुर के बीडीओ ध्रुवचरण मुदुली ने कहा कि वे गांव का दौरा कर स्थिति का जायजा लेंगे और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वहीं, स्थानीय लोगों ने राज्य सरकार से मांग की है कि बिना देरी किए इस क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।