पुरी जगन्नाथ मंदिर के भीतर खून का धब्बा दिखने से हड़कंप, महाप्रभु का हुआ महास्नान
ओडिशा के श्री जगन्नाथ मंदिर में शुक्रवार तड़के रक्त के छींटे मिलने के बाद महाप्रभु का बड़ा महास्नान विधि-विधान से संपन्न कराया गया। इस असामान्य घटना क ...और पढ़ें
HighLights
मंगला आरती के बाद मंदिर में रक्त के छींटे मिले।
परंपरा के अनुसार महाप्रभु का बड़ा महास्नान संपन्न हुआ।
श्रद्धालुओं के लिए दर्शन कुछ समय बाद फिर से खुले।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के श्री जगन्नाथ मंदिर में शुक्रवार तड़के एक असामान्य घटना के बाद महाप्रभु का बड़ा महास्नान विधि-विधान से संपन्न कराया गया।
इस दौरान मंदिर में आम श्रद्धालुओं के दर्शन को कुछ समय के लिए रोक दिया गया था। बाद में सभी नीतियां पूरी होने के बाद दर्शन व्यवस्था फिर से सामान्य कर दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार, भोर में मंगला आरती के बाद भीतरकाठ के समीप कुछ सेवायतों ने रक्त के छींटे देखे। इसे परंपरागत दृष्टि से गंभीर माना गया और तत्काल इसकी सूचना मंदिर प्रशासन व वरिष्ठ सेवायतों को दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर की परंपराओं के अनुसार ‘बड़ा महास्नान’ कराने का निर्णय लिया गया। यह एक विशेष शुद्धिकरण प्रक्रिया होती है, जिसे ऐसी स्थिति में अनिवार्य रूप से किया जाता है।
महास्नान के दौरान मंदिर परिसर में सख्त नियम लागू रहते हैं। केवल निर्धारित सेवायतों को ही अंदर जाने की अनुमति होती है, जबकि अन्य सभी के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहती है।
बताया जाता है कि यह महाप्रभु की एक गुप्त और अत्यंत महत्वपूर्ण नीति मानी जाती है, जिसे वर्षों से परंपरा के रूप में निभाया जा रहा है। इसी कारण महास्नान के समय पूरे मंदिर को आम लोगों के लिए बंद कर दिया जाता है।
महास्नान की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद मंदिर प्रशासन ने स्थिति सामान्य होने की पुष्टि की। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए दर्शन फिर से खोल दिए गए।
घटना को लेकर श्रद्धालुओं में कुछ समय के लिए चिंता जरूर देखी गई, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी नीतियां विधिवत पूरी कर ली गई हैं और अब किसी तरह की कोई समस्या नहीं है।
यह भी पढ़ें- पुरी जगन्नाथ मंदिर में रत्नभंडार की गिनती का काम तेज, 80 से ज्यादा आभूषणों का हुआ मिलान
यह भी पढ़ें- पुरी अपडेट: जगन्नाथ मंदिर में बदले गए चांदी के 'रत्न पलंक', आज विशेष नीति के कारण दर्शन का समय बदला