ओडिशा: सुंदरगढ़ को बाढ़ से सुरक्षा और जाम से मिलेगी मुक्ति, इब नदी पर ₹150.63 करोड़ में बनेगा रिंग रोड
सुंदरगढ़ शहर को इब नदी की बाढ़ से बचाने और यातायात सुगम बनाने के लिए 150.63 करोड़ रुपये की रिंग रोड परियोजना को मंजूरी मिली है। ...और पढ़ें

AI Generated Image
HighLights
इब नदी तट पर 150.63 करोड़ की रिंग रोड।
सुंदरगढ़ शहर को बाढ़ और ट्रैफिक से बचाएगी।
12 साल के इंतजार के बाद परियोजना को मंजूरी।
जागरण संवाददाता, राउरकेला। सुंदरगढ़ शहर को इब नदी की बाढ़ से सुरक्षित रखने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से इब नदी तट पर रिंग रोड का निर्माण किया जाएगा।
राज्य सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 150.63 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं तथा जल संसाधन विभाग को टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। करीब 12 वर्षों के इंतजार के बाद इस परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी मिली है।
सदर विधायक योगेश सिंह वर्ष 2014 से इस रिंग रोड के निर्माण की मांग कर रहे थे। इब नदी में बरसात के दौरान बाढ़ आने पर रानीबगीचा, महादेवपाड़ा, भित्तीआपड़ा, घासीपाड़ा और महाड़ियापाड़ा जैसे निचले इलाकों में पानी भर जाता है।
इससे लोगों को हर वर्ष भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। प्रस्तावित रिंग रोड भोजपुर से बंधपाली पुल तक बनाई जाएगी। इसके साथ ही नदी तट पर सुरक्षा दीवार भी निर्मित होगी, जिससे बाढ़ का पानी शहर में प्रवेश नहीं करेगा और नदी किनारे कटाव भी रुकेगा।
इस परियोजना के लिए वर्ष 2019 में 84.39 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे, लेकिन प्रशासनिक मंजूरी नहीं मिलने के कारण टेंडर जारी नहीं हो सका। वर्ष 2024 में दोबारा विधायक बनने के बाद योगेश सिंह ने परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए।
खबरें और भी
विधानसभा में भी उन्होंने इस मुद्दे को उठाया, जिसके बाद वर्ष 2025 में प्रशासनिक स्वीकृति मिली। निर्माण लागत बढ़ने के कारण परियोजना की राशि संशोधित कर 150.63 करोड़ रुपये कर दी गई।
रिंग रोड बनने से टांगरपाली, लेफ्रीपाड़ा और हेमगिर क्षेत्र से राउरकेला जाने वाले वाहनों को सुंदरगढ़ शहर के भीतर से नहीं गुजरना पड़ेगा। इससे शहर में ट्रैफिक का दबाव कम होगा, यात्रा आसान बनेगी और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को भी स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।