एरिगेसी ने प्रगनानंद को हराया, गुकेश ने सिंदारोव से खेला ड्रॉ
टाटा स्टील मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट में अर्जुन एरिगेसी ने आर प्रगनानंद को हराकर शानदार शुरुआत की। विश्व चैंपियन डी गुकेश ने जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ ...और पढ़ें

एरिगेसी ने प्रगनानंद को हराया, गुकेश ने सिंदारोव से खेला ड्रॉ
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। शीर्ष वरीयता प्राप्त अर्जुन एरिगेसी ने हमवतन आर प्रगनानंद को हराकर टाटा स्टील मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की जबकि विश्व चैंपियन डी गुकेश ने पहले दौर में उज्बेकिस्तान के विश्व कप विजेता जावोखिर सिंदारोव से कड़े मुकाबले में ड्रा खेला।
पर्यावरण कार्यकर्ताओं के विरोध के कारण खेल समय पर शुरू नहीं हो पाया था, लेकिन इसके बाद जब दुनिया के सबसे पुराने टूर्नामेंट में से एक में खेल शुरू हुआ तो फिर कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। इस प्रतियोगिता की पहली जीत अमेरिका के हैंस मोके नीमन ने हासिल की, जिन्होंने स्लोवेनिया के व्लादिमीर फेडोसेव हो हराया। जर्मन खिलाड़ी विंसेंट कीमर दिन के दूसरे विजेता रहे। उन्होंने नीदरलैंड्स के स्टार खिलाड़ी अनीश गिरी को पराजित किया।
पहले दौर के बाद एरिगेसी, कीमर और नीमन एक-एक अंक के साथ संयुक्त बढ़त पर हैं, जबकि गुकेश और सात अन्य खिलाड़ी उनसे आधा अंक पीछे हैं। अपने मित्र प्रगनानंद के खिलाफ एरिगेसी ने शुरू से ही अच्छा प्रदर्शन किया। प्रगनानंद ने शुरू में ही एक गलती कर दी जिससे उनका राजा बीच में फंस गया जिसका एरिगेसी ने पूरा फायदा उठाया और केवल 32 चाल में मुकाबला जीत लिया।
गुकेश भी जीत के करीब पहुंच गए थे लेकिन सफेद मोहरों से खेल रहे सिंदारोव के खिलाफ अपनी मजबूत स्थिति को जीत में तब्दील नहीं कर सके। यह दिन का सबसे लंबा मुकाबला था जो 78 चाल में ड्रा पर समाप्त हुआ। इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे एक अन्य भारतीय अरविंवद चिदंबरम ने भी जर्मनी के मैथियास ब्लूबाउम के खिलाफ ड्रॉ के साथ शुरुआत की।