ग्लासगो में दिखा भारतीय बाहुबल, शॉटपुट में तजिंदरपाल सिंह तूर और समरदीप गिल ने फाइनल में की एंट्री
राष्ट्रमंडल खेलों की शॉटपुट (गोला फेंक) स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ी तेजिंदरपाल सिंह तूर और समरदीप सिंह गिल ने आसानी से फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। ...और पढ़ें
-1785389652191_m.webp)
तेजिंदरपाल सिंह तूर
ग्लास्गो, पीटीआई। ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों की शॉटपुट (गोला फेंक) स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ी तेजिंदरपाल सिंह तूर और समरदीप सिंह गिल ने आसानी से फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। बुधवार को क्वालीफाइंग राउंड में राष्ट्रीय रिकार्डधारी तूर ने दो प्रयासों में ही ग्रुप ए से 20 मीटर का स्वत: क्वालीफिकेशन मार्क हासिल कर लिया।
उनका पहला प्रयास 19.93 मीटर और दूसरा 20.14 मीटर था। इसके बाद तूर ने तीसरा प्रयास नहीं किया। ग्रुप बी से गिल का सर्वश्रेष्ठ प्रयास पहला ही था जिसमें उन्होंने 19.95 मीटर का थ्रो फेंका। दूसरा थ्रो 19.75 मीटर और तीसरा फाउल रहा। वह 15 खिलाड़ियों में कुल पांचवें स्थान पर रहे ।
ग्रुप ए में सात और बी में आठ प्रतियोगी थे। 20 मीटर का आंकड़ा पार करने वाले या सर्वश्रेष्ठ 12 को गुरुवार को होने वाले फाइनल में उतरेंगे। गत चैंपियन और स्वर्ण के प्रबल दावेदार न्यूजीलैंड के टाम वाल्श ने 21.03 का थ्रो लगाकर पहला स्थान हासिल किया।
तूर का सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 21.03 मीटर है जबकि उनका राष्ट्रीय रिकॉर्ड 21.77 मीटर का है जो उन्होंने 2023 में बनाया था। पिछले दो एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता तूर दूसरी बार राष्ट्रमंडल खेलों में भाग ले रहे हैं । वह 2018 में गोल्ड कोस्ट में आठवें स्थान पर रहे थे जबकि पिछली बार चोट के कारण भाग नहीं लिया था।