Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    प्रीति ने ओलंपिक कांस्य पदक विजेता को किया 'नॉकआउट', निकहत और लवलीना को मिली हार

    Updated: Mon, 06 Apr 2026 08:51 PM (IST)

    भारतीय मुक्केबाज प्रीति पवार ने एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप के फाइनल में शानदार प्रवेश किया है। उन्होंने पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता ऐजी इम को हरा ...और पढ़ें

    प्रीति को मिली जीत तो निकहत को मिली हार (Pic Credit- BFI)

    प्रीति को मिली जीत तो निकहत को मिली हार (Pic Credit- BFI)

    HighLights

    1. प्रीति पवार ने ओलंपिक पदक विजेता ऐजी इम को हराया

    2. निकहत जरीन और लवलीना बोरगोहेन सेमीफाइनल में हारीं

    3. प्रिया और अरुंधति चौधरी भी फाइनल में पहुंचीं

    पीटीआई, उलनबटार: भारतीय मुक्केबाज प्रीति पवार ने पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता कोरिया की ऐजी इम को हराकर एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप के फाइनल में प्रवेश कर लिया जबकि निकहत जरीन और लवलीना बोरगोहेन हारकर बाहर हो गईं।

    प्रिया और अरुंधति चौधरी ने भी अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीते। विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता पूजा रानी और अंकुशिता बोरो को सेमीफाइनल में हारने के बाद कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

    प्रीति ने दिखाया दम

    एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता प्रीति ने तीन दौर के मुकाबले में इम को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से हराया। अब फाइनल में उनका सामना तीन बार की विश्व चैंपियन (2019, 2023,2025) और टोक्यो ओलंपिक 2020 की कांस्य पदक विजेता चीनी ताइपे की हुआंग सियाओ वेन से होगा।

    60 किलोग्राम वर्ग में प्रिया ने स्थानीय मुक्केबाज नामून मोंखोर को 5-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब उनका सामना उत्तर कोरिया की उन जियोंग वोन से होगा। अरुंधति ने उजबेकिस्तान की ओइशा तोइरोवा को 70 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में 4-1 से हराया। अब उनका सामना कजाखस्तान की बेकित सेइदिश से होगा।

    निकहत को मिली हार

    दो बार की विश्व चैंपियन निकहत को ओलंपिक पदक विजेता चीन की वू यू ने 51 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में 5-0 से मात दी। निकहत की इस मुक्केबाज के विरुद्ध यह दूसरी हार है। टोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना को 75 किलोवर्ग में विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता उजबेकिस्तान की अजीजा जोकिरोवा ने 5-0 से मात दी। पहले दौर में बाय मिलने के बाद यह टूर्नामेंट में लवलीना का पहला मुकाबला था। अंकुशिता को चीनी ताइपे की नियेन चिन चेन ने 3-0 से हराया। महिलाओं के 80 किलोग्राम वर्ग में पूजा सेमीफाइनल में कजाखस्तान की एन रियाबेत्स से हार गईं।

    यह भी पढ़ें- Asian Boxing Championships: संजार ताशकेंबे को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचे विश्वनाथ सुरेश

    यह भी पढ़ें- 'मैं देश के लिए अब...', दिग्गज मुक्केबाज मैरी कॉम ने दिए नए रास्ते पर जाने के संकेत

    खबरें और भी