तमिलनाडु के किंग बने विजय, अब किंगमेकर पर नजर... सरकार बनाने के लिए 10 सीटों की जरूरत; समझें समीकरण
अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी है, लेकिन बहुमत से 10 सीटें दूर है। ...और पढ़ें
HighLights
विजय की टीवीके तमिलनाडु में 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी
बहुमत के लिए 10 सीटें कम, गठबंधन सरकार की संभावना तलाश रही
कांग्रेस और छोटे दलों से समर्थन पर टीवीके कर रही विचार
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव परिणाम 2026 में इस बार बहुत बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। दो साल पहले बनी एक्टर विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) ने विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। विजय की पार्टी टीवीके 108 सीटों पर चुनाव जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
हालांकि, तमिलनाडु में किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला है। थलापति विजय की टीवीके बहुमत के आंकड़े से मात्र 10 सीट दूर है। टीवीके के सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरने के साथ तमिलनाडु में नई सरकार बनाने की हलचल तेज हो गई है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक्टर विजय किस पार्टी के साथ मिलकर अपनी सरकार बनाएंगे, क्योंकि- तमिलनाडु में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है।
दरअसल, सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते टीवीके को राज्यपाल द्वारा सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किए जाने की संभावना है। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों को बाहर से समर्थन मिलने का पूरा भरोसा है।
एनडीटीवी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि टीवीके, कांग्रेस सहित दूसरे छोटे दलों के साथ गठबंधन पर मंथन कर रही है। खबर यह भी है कि टीवीके सभी घटक दलों को मंत्रिमंडल में जगह देने पर भी विचार कर रही है।
इन पार्टियों का मिल सकता है समर्थन
जिन पार्टियों के समर्थन का संकेत मिल रहा है, वे भी द्रविड़ मुनेत्र कझगम (DMK) के साथ जुड़ी हुई हैं - इनमें कांग्रेस शामिल है, जिसने पांच सीटें जीती हैं, साथ ही भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (CPIM), और विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK) भी शामिल हैं, जिन्हें दो-दो सीटें मिली हैं।
खबरें और भी
इसके अलावा टीवीके के सरकार बनाने के लिए संभावित रास्ता पट्टाली मक्कल काची (PMK) का समर्थन है, जिसके पास पांच सीटें हैं। हालांकि, ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (AIADMK) के साथ सीधे तौर पर जुड़ने की संभावना कम ही लगती है, क्योंकि उसका गठबंधन भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ है, जिसे विजय ने अपना वैचारिक विरोधी बताया है।
क्या अल्पमत की बनेगी सरकार?
तमिलनाडु में सभी की नजरें राजभवन पर टिकी हैं। क्या राज्यपाल विजय को अल्पमत सरकार बनाने का न्योता देंगे? क्योंकि एक वरिष्ठ नेता ने इसकी तुलना 2006 के हालात से की है, तब DMK की अल्पमत वाली सरकार बाहरी समर्थन से चल पाई थी।
जल्द ही साफ होगी स्थिति
टीवीके के सबसे कम उम्र के चुनाव जीतने वाले नेता रेवंत चरण ने सरकार बनाने को लेकर कहा, "अस्थिरता का कोई डर नहीं है। हम सरकार बनाएंगे।" उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन या दूसरी पार्टियों से समर्थन के बारे में कोई भी फैसला पार्टी का आलाकमान ही लेगा। उन्होंने संकेत दिया कि सरकार बनाने और अहम तारीखों के बारे में जल्द ही स्थिति साफ कर दी जाएगी।