अमृतसर पुलिस ने हथियार और नशा तस्करी गिरोह पकड़ा; छह आरोपित गिरफ्तार, तीन किलो से अधिक हेरोइन बरामद
अमृतसर पुलिस ने हथियार और नशा तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से छह पिस्तौल, साठ कारतूस और तीन क ...और पढ़ें
डिजिटल डेस्क, अमृतसर। कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार से हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से छह आधुनिक पिस्तौल, साठ जिंदा कारतूस और तीन किलो से अधिक हेरोइन बरामद की गई है।
पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पंजाब में नशे और अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार किए गए अधिकतर आरोपित सीमावर्ती क्षेत्रों से संबंध रखते हैं, जिनमें तरनतारन जिले के खेमकरण इलाके के लोग भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार बरामद की गई पिस्तौल अत्याधुनिक और बेहद खतरनाक किस्म की हैं। इनमें बहुत अधिक भेदन क्षमता होती है और ये लगातार गोलियां चलाने में सक्षम हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार के हथियार पहले बहुत कम मामलों में सामने आए हैं, इसलिए इन्हें बेहद घातक माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- 'हूबहू बड़े भाई जैसा दिखता है'; छोटे सिद्धू को देख भर आईं गुरदास मान की आंखें; नन्हे शुभदीप के छुए पैर
पाक में बैठे तस्करों के संपर्क में था
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित पाकिस्तान में बैठे तस्करों और संचालकों के संपर्क में थे। जांच के दौरान पाकिस्तान में सक्रिय खुफिया एजेंसी से जुड़े शहजाद भट्टी नामक व्यक्ति का नाम भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार वह भारत में हथियार और नशे की तस्करी के नेटवर्क को संचालित कर रहा था।
खबरें और भी
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान करण और गुरप्रीत गोपी निवासी खेमकरण, मख्खनदीन, राकेश केशू, जमकौर सिंह और जसबीर वीरा के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि राकेश केशू के खिलाफ पहले भी चार आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पहले भी नशे तथा हथियारों से जुड़े मामलों में शामिल रहा है।
यह भी पढ़ें- जालंधर में सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्राली से टकराई कार; ड्राइवर घायल
पुलिस ने मामला दर्ज किया
इस मामले में अमृतसर के गेट हकीमा, छेहरटा और वेरका थानों में अलग अलग मामले दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब पूरे गिरोह के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि थोड़े से लालच में आकर अपनी जिंदगी बर्बाद न करें। उन्होंने कहा कि मेहनत से कमाई गई आजीविका ही सबसे बड़ी पूंजी होती है। उन्होंने अभिभावकों और समाज से भी अपील की कि युवाओं को सही दिशा में आगे बढ़ाने के लिए मिलकर प्रयास करें, ताकि वे गलत रास्तों से दूर रह सकें।