रक्खड़ पुन्नियां मेले में चन्नी का सरकार पर हमला, रंधावा का अपनी ही पार्टी के नेतृत्व पर वार
बाबा बकाला रैली में चरणजीत सिंह चन्नी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भ्रष्टाचार समेत कई गंभीर आरोप लगाए। सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पुलिस और कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा।

रखड़ पुन्निया मेले में मौजूद पूर्व सीएम चणजीत सिंह चन्नी व अन्य नेता।
HighLights
चन्नी ने पंजाब सरकार पर भ्रष्टाचार, नशे, रेत खनन के आरोप लगाए।
रंधावा ने पुलिस को कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को परेशान न करने की चेतावनी दी।
रंधावा ने कांग्रेस के भीतर नेतृत्व पर भी सवाल उठाए।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। रखड़ पुन्नियां मेले के दौरान बाबा बकाला साहिब में आयोजित कांग्रेस रैली में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार, नशे और रेत खनन को लेकर गंभीर आरोप लगाए। वहीं, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने के साथ कांग्रेस के भीतर नेतृत्व को लेकर भी अपनी बात रखी।
चरणजीत सिंह चन्नी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने श्री अकाल तख्त साहिब के साथ टकराव का रास्ता अपनाया और उनके अनुसार मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार खो चुके हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री और विधायक श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार के समक्ष पेश हुए, लेकिन मुख्यमंत्री वहां नहीं पहुंचे।
उन्होंने सरकार पर नशे, रेत खनन और भ्रष्टाचार को लेकर भी निशाना साधा। पीजीआइ में 19 करोड़ रुपये की खरीदी गई एमआरआइ मशीन का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि फरीदकोट में ऐसी मशीन 29 करोड़ रुपये में खरीदी गई, जो पंजाब में कथित वित्तीय अनियमितताओं का उदाहरण है।
यह भी पढ़ें- रखड़ पुन्नियां मेले में CM मान का विपक्ष पर वार, बोले- पंजाब की गाड़ी पटरी पर आई, 2027 में फिर बनाएंगे सरकार
रंधावा ने पुलिस को दी चेतावनी
सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी कांग्रेसी को बेवजह थाने में बंद किया गया तो पार्टी थाने का घेराव करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पुलिस अधिकारी गैंगस्टरों के साथ मिले हुए हैं।
यह भी पढ़ें- रखड़ पुन्निया मेले से शिवराज का चुनावी बिगुल! आप सरकार पर बरसे, बोले- भ्रष्टाचार में कांग्रेस को पीछे छोड़ा
वड़िंग पर साधा निशाना
रंधावा ने बिना नाम लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ऐसा नेतृत्व नहीं चाहिए जो सरकार के साथ समझौता करके चले। उन्होंने मंच पर बैठे नेताओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि जो लोग कांग्रेस के साथ हैं, वे कभी पार्टी की पीठ नहीं दिखाते।
रैली में दोनों नेताओं के बयानों से कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और पंजाब सरकार के खिलाफ पार्टी के तेवर दोनों चर्चा में रहे।
यह भी पढ़ें- अमृतसर पहुंचे शिवराज सिंह चौहान, गोल्डन टेंपल में टेका माथा; महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस को घेरा
