बुल्गारिया में सड़क हादसे में अमृतसर के युवक की मौत, पार्थिव देह देख टूटा परिवार; कर्ज लेकर भेजा था विदेश
बुल्गारिया में सड़क हादसे में अजनाला के 28 वर्षीय युवक पलविंदर सिंह की मौत हो गई। एक माह बाद पार्थिव देह गांव पहुंची। कर्ज लेकर विदेश भेजने वाले परिवा ...और पढ़ें

मृतक युवक की फाइल फोटो।
HighLights
अमृतसर के पलविंदर सिंह की बुल्गारिया में मौत।
सड़क हादसे में जान गंवाई, परिवार पर टूटा पहाड़।
कर्ज लेकर विदेश भेजा था, सरकार से मांगी मदद।
जागरण संवादाता, अमृतसर। बेहतर भविष्य और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए बुल्गारिया गए अजनाला क्षेत्र के 28 वर्षीय युवक पलविंदर सिंह की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना के करीब एक महीने बाद कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने पर उनकी पार्थिव देह शनिवार को पैतृक गांव पहुंची। बेटे की पार्थिव देह घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
परिजनों के अनुसार, पलविंदर सिंह रोजी-रोटी कमाने और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से बुल्गारिया गए थे। घटना वाले दिन वह एक बस में सफर कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक वाहन ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पलविंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
विदेश में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब एक महीने बाद उनकी पार्थिव देह भारत लाई गई। जैसे ही पार्थिव देह उनके घर पहुंची, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में रिश्तेदार, गांव के लोग और शुभचिंतक पहुंचे तथा शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
यह भी पढ़ें- स्लोवाकिया में डूबने से अमृतसर के युवक मौत, ताबूत में बेटे को देख फूट-फूटकर रोया परिवार; नम आंखों से दी विदाई
आर्थिक स्थिति सुधारने गया था विदेश
परिवार ने बताया कि पलविंदर सिंह को विदेश भेजने के लिए उन्होंने कर्ज लिया था। उम्मीद थी कि बेटा विदेश में मेहनत कर परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारेगा और कर्ज भी चुका देगा। लेकिन सड़क हादसे ने परिवार के सभी सपनों को एक झटके में तोड़ दिया। अब परिवार ने अपना कमाने वाला युवा बेटा हमेशा के लिए खो दिया है।
खबरें और भी
परिजनों का कहना है कि पहले से ही उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर थी। बेटे को विदेश भेजने के लिए लिया गया कर्ज अभी भी उनके सिर पर है। ऐसे में इस हादसे ने परिवार को आर्थिक और मानसिक दोनों तरह से गहरे संकट में डाल दिया है।
यह भी पढ़ें- स्पेन में पकड़ा गया मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों, कभी लॉरेंस बिश्नोई का था करीबी; भारत लाने की तैयारी
कर्ज से उभारने के लिए मांगी मदद
पीड़ित परिवार ने पंजाब सरकार और केंद्र सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है। उनका कहना है कि इस कठिन समय में सरकार उनकी हरसंभव मदद करे, ताकि परिवार को आर्थिक संकट से उबरने में राहत मिल सके। उन्होंने विदेशों में काम करने वाले युवाओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि ऐसे मामलों में प्रभावित परिवारों को शीघ्र सहायता मिलनी चाहिए।
गांव के लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उनका कहना है कि पलविंदर सिंह मेहनती और जिम्मेदार युवा थे, जो अपने परिवार का भविष्य संवारने के लिए विदेश गए थे। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है और गांव में लगातार लोग परिवार के घर पहुंचकर संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।