बंगाल के बाद अब पंजाब पर नजर, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताई भाजपा की अगली रणनीति
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अमृतसर में कहा कि पश्चिम बंगाल के बाद पंजाब में भाजपा को मजबूत करना पार्टी का अगला लक्ष्य है। उन्होंने केंद्र सरकार ...और पढ़ें

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर अमृतसर में मीडिया से बातचीत करते हुए।
HighLights
भाजपा का अगला लक्ष्य पंजाब में राजनीतिक स्थिति मजबूत करना।
खट्टर ने केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं।
व्यापारिक संगठनों ने भारत-पाक व्यापार फिर से शुरू करने की मांग की।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर शनिवार को अमृतसर पहुंचे, जहां उन्होंने एक निजी होटल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों और पंजाब की राजनीतिक स्थिति पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भारतीय जनता पार्टी का अगला बड़ा लक्ष्य पंजाब में अपनी राजनीतिक स्थिति को और मजबूत करना है।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान खट्टर ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने सेवा और विकास की भावना के साथ काम किया है। उन्होंने दावा किया कि रक्षा, कृषि, परिवहन, आधारभूत ढांचे और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे कार्य हुए हैं, जिन्होंने देश के विकास को नई गति दी है। उनके अनुसार सरकार का उद्देश्य केवल शासन करना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है।
यह भी पढ़ें- अबोहर ओबीसी सम्मेलन में गरजे सीएम नायब सैनी, पंजाबी में दिया भाषण, बोले- भाजपा वादे नहीं संकल्प पूरे करती है
भाजपा कर रही जनाधार मजबूत
मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लगातार देश के विभिन्न राज्यों में अपने संगठन और जनाधार को मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के बाद अब पार्टी का ध्यान पंजाब पर केंद्रित है और भाजपा पंजाब में भी कमल का फूल खिलाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। उनके इस बयान को पंजाब की राजनीति में भाजपा की आगामी रणनीति के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
अकाली दल और भाजपा के बीच संभावित गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर खट्टर ने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा कि यह नीतिगत विषय है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। जो भी फैसला लिया जाएगा, वह पंजाब और जनता के हितों को ध्यान में रखकर ही लिया जाएगा।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- साइकिल उद्योग को नई उड़ान देने का समय, पंजाब गवर्नर कटारिया बोले- वैश्विक बाजार में भारत की बढ़ रही पहचान
व्यापारिक संगठनों ने सौपा ज्ञान
इस दौरान व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने केंद्रीय मंत्री को एक ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में भारत और पाकिस्तान के बीच व्यापारिक गतिविधियों को फिर से शुरू करने सहित व्यापार और उद्योग से जुड़े कई मुद्दे उठाए गए। व्यापारियों ने सीमावर्ती क्षेत्र के आर्थिक विकास और कारोबार को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
खट्टर ने व्यापारिक प्रतिनिधियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें उचित स्तर पर विचार के लिए भेजने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार व्यापार, उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
अमृतसर दौरे के दौरान खट्टर के राजनीतिक बयान और गठबंधन को लेकर दिए गए संकेतों ने पंजाब की सियासत में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। आने वाले समय में भाजपा की रणनीति और संभावित राजनीतिक समीकरणों पर सभी की नजरें बनी रहेंगी।