Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अमृतसर में डॉक्टर को पिस्टल दिखा 10 लाख की फिरौती मांगी, 12 घंटे में आरोपी पकड़ा; कर्ज चुकाने के लिए उठाया कदम

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 04:42 PM (IST)

    अमृतसर में डॉक्टर को पिस्टल दिखाकर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले आरोपित को पुलिस ने 12 घंटे में गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से पिस्टल और कारतूस मिल ...और पढ़ें

    पुलिस के साथ पकड़ा गया आरोपी।

    पुलिस के साथ पकड़ा गया आरोपी।

    HighLights

    1. डॉक्टर से 10 लाख की फिरौती मांगने का मामला।

    2. पुलिस ने 12 घंटे में आरोपी सुखबीर सिंह को पकड़ा।

    3. कर्ज चुकाने के लिए कुलचे वाले ने की वारदात।

    डिजिटल डेस्क, अमृतसर। अमृतसर के मजीठा रोड थाना पुलिस ने डॉक्टर को पिस्टल दिखाकर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले को 12 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में आरोपित 51 वर्षीय सुखबीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के कब्जे से .32 बोर की पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक स्कूटर और काले रंग का हेलमेट बरामद किया गया है।

    पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। 8 अगस्त की सुबह करीब साढ़े 11 बजे डॉक्टर अपने क्लीनिक में मौजूद थे। इसी दौरान काले रंग का हेलमेट पहने एक व्यक्ति क्लीनिक में दाखिल हुआ। उसने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर डॉक्टर की तरफ तान दी और धमकाते हुए सोमवार तक 10 लाख रुपये तैयार रखने को कहा। इसके बाद आरोपित पिस्टल लेकर वहां से फरार हो गया।

    घटना के बाद डॉक्टर ने पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर मजीठा रोड थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अलग-अलग पहलुओं से जांच की और आरोपित की पहचान करने के प्रयास शुरू किए।

    यह भी पढ़ें- पंजाब में बदमाशों के हौसले बुलंद, किरच-कुल्हाड़ी से हमला कर हेडमास्टर की ली जान; मोहाली में हुई घटना से शिक्षकों में रोष

    कुलचे बेचने वाला निकला आरोपी

    पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच के दौरान मिली जानकारी और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपित की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने मजीठा रोड थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सुखबीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

    खबरें और भी

    पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित भवाई नगर, मजीठा रोड का रहने वाला है और उसकी उम्र 51 वर्ष है। वह मजीठा रोड पर कुलचे की दुकान चलाता था। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह कर्ज के बोझ के कारण आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। इसी वजह से उसने डॉक्टर को धमकाकर फिरौती मांगने का रास्ता अपनाया।

    यह भी पढ़ें- सरहिंद में कांवड़ियों को रौंदने वाला वाहन 12 घंटे में बरामद, मालिक अरेस्ट; स्पीकर संधवां ने मुआवजे का किया एलान

    पिस्टल और दो कारतूस बरामद

    पुलिस ने आरोपित के कब्जे से .32 बोर की एक पिस्टल और इसी बोर के दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाले एक एक्टिवा स्कूटर और काले रंग का हेलमेट भी बरामद किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पिस्टल आरोपित तक कैसे पहुंची और क्या इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका भी थी।

    पुलिस के अनुसार, आरोपित के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। इसके बावजूद डॉक्टर को क्लीनिक में पिस्टल दिखाकर धमकाने और 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने की घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है।

    अदालत में पेश कर लिया जाएगा पुलिस रिमांड

    गिरफ्तार आरोपित को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस की ओर से पूछताछ के लिए उसका रिमांड लेने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस इस दौरान वारदात में इस्तेमाल पिस्टल, फिरौती मांगने की योजना और डॉक्टर को निशाना बनाने के कारणों के बारे में जानकारी जुटाएगी।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपित ने डॉक्टर को ही निशाना क्यों बनाया और क्या उसने पहले से डॉक्टर की गतिविधियों की जानकारी जुटाई थी।

    यह भी पढ़ें- लुधियाना निगम ने सड़क धंसने के बाद घर कराया खाली, कंक्रीट डाल किया सुरक्षित; सीवर में केबल डालने पर उठे सवाल