विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्री हरि मंदिर साहिब के पास होटल में बवाल, पहचान पत्र मांगने पर भड़के युवक; साथियों संग लौट की मारपीट

Published: Sun, 30 Aug 2026 12:15 PM (IST)

श्री हरि मंदिर साहिब के पास होटल में लड़कियों से मिलने पहुंचे युवकों से पहचान पत्र मांगे गए तो विवाद हो गया। आरोपितों ने साथियों संग मारपीट और तोड़फोड़ की।

HighLights

  1. केसी होटल में पहचान पत्र मांगने पर विवाद शुरू हुआ।

  2. युवकों ने साथियों संग लौटकर स्टाफ से मारपीट की।

  3. हमलावरों ने होटल के शीशे तोड़े, पुलिस जांच में जुटी।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। श्री हरि मंदिर साहिब के पास स्थित केसी होटल में रविवार सुबह युवकों ने जमकर हंगामा किया। होटल प्रबंधन की ओर से पहचान पत्र मांगने पर विवाद शुरू हुआ, जो मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गया। आरोप है कि पहले तीन युवक होटल में पहुंचे और वहां ठहरी लड़कियों के कमरों में जाने की बात कहने लगे। पहचान पत्र मांगने पर वे भड़क गए।

होटल मालिक रोकी ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह कुछ लड़कियां होटल में पहुंची थीं और उन्होंने कमरे लिए थे। करीब एक घंटे बाद तीन युवक होटल में आए। उन्होंने लड़कियों के कमरों में जाने की इच्छा जताई। होटल प्रबंधन ने पहले लड़कियों से इस संबंध में जानकारी ली और इसके बाद युवकों से पहचान पत्र दिखाने को कहा।

यह भी पढ़ें- नशा तस्करों के खिलाफ आवाज उठाना अमृतसर के सरपंच को पड़ा भारी, तीसरी बार जानलेवा हमला; वीडियो जारी कर खोली पोल

विरोध करने पर शुरू हुई मारपीट

आरोप है कि पहचान पत्र मांगने पर तीनों युवक आक्रामक हो गए और गाली-गलौज करने लगे। होटल प्रबंधन ने जब इसका विरोध किया तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। कुछ देर बाद तीनों युवक वहां से चले गए।

होटल मालिक के अनुसार, कुछ समय बाद तीनों युवक पांच-छह अन्य युवकों को साथ लेकर दोबारा होटल में पहुंच गए। इसके बाद सभी ने होटल प्रबंधन के सदस्यों के साथ मारपीट की। हमलावरों ने होटल के शीशे भी तोड़ दिए। घटना के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।

यह भी पढ़ें- अमृतसर एयरपोर्ट पर फूटा यात्रियों का गुस्सा, 17 घंटे लेट हुई स्पाइसजेट की दुबई फ्लाइट; जम कर काटा बवाल

पुलिस ने जांच की शुरू

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने होटल प्रबंधन से घटना की जानकारी लेने के साथ आसपास लगे निगरानी कैमरों की फुटेज भी खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

सहायक उप निरीक्षक हरपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपितों की पहचान और घटना के पूरे कारणों का पता लगाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- तवी वंडरलैंड में गूंजी संस्कृति की गूंज, जम्मू स्मार्ट सिटी के 'यूफोरिया' में लोक कलाओं ने बांधा समां