अमृतसर के होटल में भीषण आग, जनरेटर रूम धधका; 10 दमकल गाड़ियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
अमृतसर में पुलिस आयुक्त आवास के पीछे स्थित एक होटल के जनरेटर रूम में भीषण आग लग गई। दमकल विभाग की 10 गाड़ियों ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया। जनर ...और पढ़ें

जनरेटर रूम से निकली आग।
HighLights
अमृतसर होटल के जनरेटर रूम में लगी भीषण आग।
10 दमकल गाड़ियों ने एक घंटे में आग पर पाया काबू।
डीजल के कारण तेजी से फैली आग, कोई जनहानि नहीं।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। अमृतसर शहर में शुक्रवार दोपहर पुलिस कमिश्नर आवास के पीछे स्थित एक बड़े होटल के जनरेटर रूम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में जनरेटर रूम धुएं और लपटों से घिर गया। होटल कर्मचारियों ने तत्काल दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग होटल के जनरेटर रूम में लगी, जहां बड़ी मात्रा में डीजल और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। इसी कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। सुरक्षा के मद्देनजर होटल परिसर को खाली कराया गया और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया।
यह भी पढ़ें- 'कीवें हो पंजाबियो...', जालंधर में पगड़ी पहन पीएम मोदी ने जीता दिल, कानून-व्यवस्था पर भड़के, भाजपा को बताया हल
10 गाड़ियां लगी आग बुझाने में
आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने एक-दो नहीं बल्कि 10 दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाया। दमकल कर्मियों ने लगातार करीब एक घंटे तक पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर लगभग तीन बजे आग पूरी तरह नियंत्रित कर ली गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते कार्रवाई होने से आग होटल के अन्य हिस्सों तक नहीं पहुंच सकी और एक बड़ा हादसा टल गया।
हालांकि आग से जनरेटर रूम में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। जनरेटर, बिजली से जुड़े उपकरण और अन्य सामग्री को भारी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। आग लगने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- PM Modi in Punjab LIVE: चंडीगढ़ के बाद जालंधर पहुंचे पीएम मोदी, 5470 करोड़ के रेल-सड़क परियोजनाओं का किया उद्घाटन
डीजल के कारण भड़की आग
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया। दमकल विभाग और पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से हालात का जायजा लिया। अधिकारियों का कहना है कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जनरेटर रूम में बड़ी मात्रा में डीजल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई थी। इसके बावजूद सभी टीमों ने समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य किया और आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया। अब आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। यदि सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।