ईरान-इजरायल युद्ध के बीच अमृतसर से शारजाह जा रही इंडिगो फ्लाइट को नहीं मिली लैंडिंग की अनुमति; 180 यात्री लौटे
ईरान-इजरायल तनाव के कारण अमृतसर से शारजाह जा रही इंडिगो फ्लाइट को उतरने की अनुमति नहीं मिली। 180 यात्री कई घंटों तक भटकने के बाद अमृतसर लौट आए, जिससे ...और पढ़ें

शारजाह से वापस अमृतसर लौटे यात्री।
HighLights
ईरान-इजरायल तनाव के कारण उड़ान को अनुमति नहीं मिली।
अमृतसर से शारजाह जा रही इंडिगो फ्लाइट वापस लौटी।
180 यात्रियों का दुबई भ्रमण रद्द हुआ, कुछ फंसे।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव का असर अब संयुक्त अरब अमीरात की हवाई सेवाओं पर भी दिखने लगा है। इसी कड़ी में अमृतसर से दुबई भ्रमण यात्रा पर गए यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। शारजाह हवाई अड्डे पर लैंडिंग की अनुमति न मिलने के कारण इंडिगो की फ्लाइट को अंततः अमृतसर वापस लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार श्री गोविंद यात्रा सेवा परिवार की ओर से 20 यात्रियों का जत्था दुबई भ्रमण के लिए शनिवार सुबह 11:45 बजे श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अमृतसर से इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 1427 से रवाना हुआ था। विमान में कुल 180 यात्री सवार थे।
दोपहर करीब 3:30 बजे विमान शारजाह हवाई अड्डे के ऊपर पहुंचा, लेकिन वहां के हालात ठीक न होने के कारण लैंडिंग की अनुमति नहीं दी गई।
यह भी पढ़ें- जालंधर में तीन दुकानों के शटर तोड़ नकदी चोरी; वारदात सीसीटीवी में कैद, पुलिस जांच शुरू
काफी समय आसमान में काटता रहा चक्कर
जत्थे में शामिल मुख्य सेवादार रिंकू बटवाल ने बताया कि विमान कुछ समय तक आसमान में चक्कर काटता रहा। बाद में सूचना दी गई कि विमान को मुंबई की ओर डायवर्ट किया जा रहा है, लेकिन वहां भी उतरने की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद अहमदाबाद और फिर सूरत हवाई अड्डे की ओर रुख किया गया।
अंततः यात्रियों को सूरत में कुछ समय के लिए रोका गया, जहां भोजन की व्यवस्था की गई। शाम करीब 6:30 बजे फ्लाइट को अमृतसर के लिए रवाना किया गया और रात करीब 7:45 बजे सभी यात्री सुरक्षित वापस पहुंच गए।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- अमृतसर बाईपास ओवरटेक के दौरान हादसा; बाईपास पर रेत से भरा ट्राला पलटा, तीन कारें दबने से एक की मौत, कई घायल
कई लोग शारजाह में फंसे
दुबई भ्रमण यात्रा के तहत यात्रियों की योजना अबू धाबी स्थित स्वामी नारायण मंदिर में दर्शन करने के साथ-साथ बुर्ज खलीफा, डेजर्ट सफारी, दुबई मॉल और अन्य प्रमुख स्थलों का भ्रमण करने की थी। यह यात्रा 4 मार्च तक निर्धारित थी, लेकिन मौजूदा हालात के कारण रद्द करनी पड़ी।
यात्रियों संजीव कुमार हांडा, सतीश कुमार, राकेश बहल व अन्य ने कहा कि वे सुरक्षित लौटने के लिए भगवान का शुक्रिया अदा करते हैं। रिंकू बटवाल ने बताया कि संस्था पिछले आठ वर्षों से धार्मिक यात्राओं का आयोजन कर रही है और जल्द ही श्रीलंका में रामायण आधारित यात्रा तथा सितंबर 2026 में ज्योतिर्लिंग, शिर्डी और शनि शिंगणापुर यात्रा का आयोजन करेगी।
उन्होंने बताया कि एक अन्य संगठन का जत्था शारजाह में फंसा हुआ है, जहां हवाई अड्डे अस्थायी रूप से बंद हैं। प्रशासन ने यात्रियों को फिलहाल यात्रा से पहले एयरलाइन से स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें- बठिंडा में सिविल अस्पताल के पास युवक गिरफ्तार; दो पिस्टल व जिंदा कारतूस बरामद, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज