अमृतसर में तीन जगह पुलिस की दबिश, 8 तस्कर गिरफ्तार; पाकिस्तान से आई 18 पिस्तौल और 3 किलो हेरोइन बरामद
अमृतसर में पुलिस ने तीन अलग-अलग कार्रवाई में आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 18 पिस्तौल, करीब तीन किलो हेरोइन, कारतूस और मैगजीन बरामद हुए।

ये AI जनरेटेड इमेज है।
HighLights
अमृतसर पुलिस ने तीन गिरोहों के आठ सदस्य पकड़े।
18 पिस्तौल, 3 किलो हेरोइन और मैगजीन बरामद की गई।
पाकिस्तानी तस्करों से ड्रोन के जरिए हथियार मंगवाए जाते थे।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर पुलिस ने शुक्रवार सुबह अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई कर तीन गिरोहों के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 18 पिस्तौल, करीब तीन किलो हेरोइन, पांच कारतूस और बड़ी संख्या में मैगजीन बरामद की गई हैं। कार्रवाई थाना घरिंडा, राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ और काउंटर इंटेलिजेंस की टीमों ने की।
थाना घरिंडा पुलिस ने गुरदासपुर जिले के दीनानगर निवासी जगजीत सिंह और दोरांगला गांव निवासी दविंदर सिंह को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से 10 विदेशी पिस्तौल और 10 मैगजीन बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार आरोपित बाइक पर सवार होकर हथियारों की खेप आगे सप्लाई करने के लिए ले जा रहे थे।
पूछताछ में सामने आया कि पाकिस्तानी तस्करों ने ड्रोन के माध्यम से हथियार अटारी के सुरक्षित ठिकाने पर उतारे थे। सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर दोनों को पकड़ा गया।
यह भी पढ़ें- कम बरिश से बढ़ी चिंता, पंजाब के बांधों का जलस्तर घटा; गर्मियों में बढ़ सकती है पानी की चिंता
तीन किलो हेरोइन और पिस्तौल बरामद
राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ की टीम ने कक्कड़ गांव निवासी हैपी सिंह उर्फ वीरपाल सिंह, भिंडी औलख गांव निवासी इंद्रपाल सिंह और सिकंदरजीत सिंह को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से करीब तीन किलो हेरोइन, एक पिस्तौल और मैगजीन बरामद की गई।
यह भी पढ़ें- Punjab Weather 29th August: पंजाब में मानसून सुस्त, मौसम विभाग ने अलर्ट नहीं किया जारी; आज होगी बारिश!
सात पिस्तौल के साथ तीन गिरफ्तार
काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने गुरदासपुर के महल गांव निवासी सुनील मसीह, राजन मसीह और नूरपुर निवासी प्रदीप सिंह को गिरफ्तार किया। इनके पास से सात पिस्तौल और सात मैगजीन मिलीं। आरोपितों के कब्जे से एक कार और बाइक भी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपितों ने पाकिस्तानी तस्करों से संपर्क होने की बात स्वीकार की है। वे इंटरनेट के विभिन्न माध्यमों के जरिए संपर्क कर हथियार और हेरोइन की खेप मंगवाते थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
