देर रात धमाकों से दहला अमृतसर का सीमावर्ती गांव, फौजी के घर को बनाया निशाना; दो महिलाएं घायल
रमदास थाना क्षेत्र के गांव जटा में वीरवार रात एक घर पर बम धमाका हुआ। धमाके में दो महिलाएं घायल हुईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
HighLights
अमृतसर के गांव जटा में फौजी के घर ग्रेनेड हमला।
हमले में घर की दो महिलाएं घायल, अस्पताल में भर्ती।
पुलिस ने जांच शुरू की, सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ी।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे अमृतसर जिले के रमदास थाना क्षेत्र में वीरवार देर रात दो बम धमाकों से दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावरों ने गांव जटा में एक घर को निशाना बनाकर ग्रेनेड फेंका। हालांकि पुलिस ग्रेनेड हमले की पुष्टि नहीं कर रही है, लेकिन धमाके से इंकार भी नहीं कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिस घर पर बम फेंके गए, वह रणजीत सिंह नामक फौजी का बताया जा रहा है। धमाका होते ही आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। हमले में घर में मौजूद दो महिलाओं के घायल होने की सूचना है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
एसएसपी कंवलप्री सिंह चाहल ने बताया कि धमाके हुए हैं, लेकिन ये ग्रेनेड हमला नहीं लगताl मामले की जांच करवाई जा रही हैl फॉरेंसिक टीमों ने अवशेष कब्जे में लिए हैं।

ग्रेनेड हमले से क्षतिग्रस्त कार और जांच करते हुए पुलिस।
यह भी पढ़ें- बाजार खाली, सड़कों पर सन्नाटा.. किन सिखों की रिहाई चाहती है कौमी इंसाफ मोर्चा? पढ़ें 'पंजाब बंद' की कहानी
सांसद औजला का रिश्तेदार है पीड़ित परिवार
अमृतसर की रमदास तहसील के गांव जट्टा पशियां में जिस परिवार के घर पर दो ग्रेनेड फेंककर हमला किया गया, वे सांसद औजला के रिश्तेदार हैं। सांसद गुरजीत सिंह औजला ने घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार उनके रिश्तेदारों में से है और लंबे समय से कांग्रेस से जुड़ा हुआ है।
औजला ने कहा कि सीमा क्षेत्र में गैंगस्टरवाद और फिरौती की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से कानून-व्यवस्था मजबूत करने, आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही परिवार को सुरक्षा देने की अपील की।
पुलिस ने जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस की ओर से हमले के पीछे कौन लोग हैं और बम कहां से आया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। सीमा क्षेत्र होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां भी मामले को गंभीरता से ले रही हैं।
हमले के बाद गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे निगरानी साधनों और अन्य सुरागों की जांच कर रही है। फिलहाल हमले के कारणों और आरोपितों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
हमले से संबंधित तस्वीरें-

अपने रिश्तेदारों के घर जानकारी लेने पहुंचे सांसद गुरजीत औजला।

हमले से क्षतिग्रस्त कार।

बम से जमीन पर पड़ा छोटा गड्ढा।
यह भी पढ़ें- पंजाब बंद का जालंधर में दिखा असर, कई जगह सड़कें की गई जाम; हाईवे पर रोके गए ट्रक
