गुरसिख युवक के ककारों की बेअदबी पर भड़के SGPC अध्यक्ष धामी, दोषियों को सख्त सजा देने की मांग
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी बोले नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले गुरसिख युवक के ककारों की बेअदबी को सिख समुदाय बर्दाश्त नहीं करेगा।

हरजिंदर सिंह धामी ने कहा गुरसिख युवक के ककारों की बेअदबी को सिख समुदाय कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।
HighLights
SGPC अध्यक्ष धामी ने प्रताड़ित गुरसिख युवक मोहंजीत से मुलाकात की
नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले युवक के ककारों की बेअदबी
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई
जागरण संवाददाता, अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने पुलिस कथित तौर पर प्रताड़ित किए गए गुरसिख युवक मोहंजीत सिंह शेरों से मुलाकात कर उसका हाल जाना। उन्होंने शिरोमणि कमेटी की ओर से युवक को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिया। संगरूर में मोहंजीत सिंह से मुलाकात के बाद एडवोकेट धामी ने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले गुरसिख युवक के ककारों की बेअदबी को सिख समुदाय कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।
धामी ने कहा कि जब भी किसी सिख पर अत्याचार होता है तो सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था शिरोमणि कमेटी पीड़ित के साथ खड़ा होना अपना कर्तव्य समझती है। सरकार की नीतियों, कार्यप्रणाली और सामाजिक मुद्दों पर सवाल उठाना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, लेकिन सवाल करने वाले व्यक्ति पर पुलिस अत्याचार की कोई कानूनी अनुमति नहीं है।
नशे का बढ़ता प्रचलन सरकार के सामने बड़ा सवाल
उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे का बढ़ता प्रचलन सरकार के सामने बड़ा सवाल है। नशे के कारण लगातार युवाओं की जान जा रही है, लेकिन सरकार इस गंभीर समस्या पर ध्यान देने के बजाय सवाल उठाने और विरोध करने वालों को ही दोषी ठहराने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस का 'जनता का घोषणापत्र' मिशन, अमृतसर से होगी शुरुआत, 3 महीनों तक हाईकमान को सौंपेगी मसौदा
किसी को ककारों की बेअदबी का अधिकार नहीं
एडवोकेट धामी ने कहा कि गांव में लोगों से मिलने पहुंचे मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से यदि गुरसिख युवक ने नशे को लेकर सवाल किया था तो पुलिस ने उसके साथ कथित तौर पर मारपीट ही नहीं की, बल्कि उसके केसों और ककारों की बेअदबी करके गंभीर अपराध किया।
ककार सिख जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेकर सिखों के धार्मिक चिह्नों की बेअदबी करने का अधिकार नहीं है।
उन्होंने मांग की कि जानबूझकर ककारों की बेअदबी करने वाले अधिकारियों और अन्य दोषियों के खिलाफ सख्त एवं मिसाल कायम करने वाली कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शिरोमणि कमेटी पीड़ित युवक की हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।
यदि मोहंजीत सिंह चाहे तो शिरोमणि कमेटी की ओर से श्री गुरु रामदास मेडिकल कालेज में उसका उपचार करवाने की व्यवस्था भी की जाएगी। इस मौके पर शिरोमणि कमेटी सदस्य भूपिंदर सिंह पहलवान भी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- अमृतसर में समझौते के लिए बैठे दो पक्ष, बिगड़ा माहौल और चल गई गोली; कांग्रेस नेता गंभीर घायल
