Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नेपाल से अवैध एंट्री! वारिस पंजाब दे के वांछितों सहित 5 को यूपी कोर्ट ने भेजा जेल, अमृतसर पुलिस भी एक्टिव हुई

    Updated: Sat, 25 Jul 2026 04:43 PM (IST)

    नेपाल सीमा से अवैध प्रवेश करते पकड़े गए वारिस पंजाब दे के दो कथित सदस्यों और तीन ट्रैवल एजेंटों को अदालत ने न्यायिक हिरासत भेजा। ...और पढ़ें

    वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह।

    वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह।

    HighLights

    1. अमेरिकी नागरिक, वारिस पंजाब दे सदस्य अवैध प्रवेश में गिरफ्तार।

    2. यूपी कोर्ट ने सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा।

    3. पंजाब पुलिस अब प्रोडक्शन वारंट से हिरासत लेगी।

    डिजिटल डेस्क, अमृतसर। नेपाल से अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के मामले में गिरफ्तार अमेरिकी नागरिक, पंजाब के संगठन वारिस पंजाब दे के दो कथित सदस्यों और तीन स्थानीय ट्रैवल एजेंटों को उत्तर प्रदेश के बहराइच की अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अदालत के आदेश के बाद सभी आरोपियों को छह अगस्त तक जिला जेल भेज दिया गया।

    इस बीच पंजाब पुलिस की टीम भी आरोपियों को अपनी हिरासत में लेने के लिए बहराइच पहुंची, लेकिन अब उसे प्रोडक्शन वारंट की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। अभियोजन पक्ष के अनुसार न्यायिक मजिस्ट्रेट (पंचम) संगीता गौर की अदालत ने शुक्रवार को पांचों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

    आरोपियों में संगठन के कथित वांछित सदस्य विक्रमजीत सिंह, अमेरिकी नागरिक मनवीर सिंह ढिल्लों तथा स्थानीय ट्रैवल एजेंट राहुल कुमार, सुरेश पाठक और दिलीप पाठक शामिल हैं।

    यह भी पढ़ें- मुक्तसर के मलोट अस्पताल की ओपीडी में गिरा मलबा, इलाज कराने पहुंचे शख्स का फटा सिर, डॉक्टर का हाथ हुआ फ्रैक्चर

    भारत प्रवेश में की थी मदद

    पुलिस के अनुसार तीनों ट्रैवल एजेंटों ने नेपाल सीमा से दोनों आरोपियों को अवैध रूप से भारत में प्रवेश कराने में मदद की। बताया गया कि रूपईदेहा सीमा क्षेत्र में स्थानीय तौर पर चोर गली के नाम से पहचाने जाने वाले रास्ते का इस्तेमाल कर दोनों को भारत लाया गया था। इसके बाद उन्हें एक कार के जरिए पीलीभीत ले जाने की तैयारी थी।

    पंजाब में दर्ज दो मामलों में है वांटेड

    बहराइच के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि पंजाब के नवांशहर जिले के बलाचौर निवासी विक्रमजीत सिंह वर्ष 2023 में अजनाला थाने में दर्ज दो आपराधिक मामलों में वांछित था और लंबे समय से काठमांडू में छिपा हुआ था। वहीं मूल रूप से मोगा का रहने वाला मनवीर सिंह ढिल्लों, जो अब अमेरिका के लॉस एंजिल्स में रहता है, मोगा के बाघापुराना थाने में दर्ज वर्ष 2023 के एक मामले में वांछित है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- मानसा में लेक्चररों की कमी पर फूटा गुस्सा, अभिभावकों ने स्कूल को जड़ा ताला; शिक्षा विभाग के खिलाफ प्रदर्शन

    बिना वीजा भारत में पहुंचा

    पुलिस का दावा है कि मनवीर सिंह ढिल्लों ने जांच एजेंसियों से बचने के लिए बिना वीजा भारत में प्रवेश किया था। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन, अमेरिकी पासपोर्ट, बैंक कार्ड, 900 अमेरिकी डॉलर और नेपाली मुद्रा बरामद की गई।

    वहीं विक्रमजीत सिंह के पास से कथित फर्जी पहचान दस्तावेज, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपियों को ले जाने में इस्तेमाल की गई कार और एक मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

    यूपी पुलिस ने भी मामला किया दर्ज

    पुलिस ने बताया कि पांचों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता तथा आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम, 2025 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। हालांकि मनवीर सिंह ढिल्लों की पत्नी और बेटी के पास वैध यात्रा दस्तावेज होने के कारण उन्हें निर्धारित नियमों के अनुसार भारत में प्रवेश की अनुमति दे दी गई।

    उधर, अभियोजन सूत्रों के अनुसार पंजाब पुलिस की एक टीम आरोपियों को अपने मामलों में हिरासत में लेने के लिए बहराइच पहुंची थी। लेकिन अदालत द्वारा न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद अब पंजाब पुलिस को आरोपियों को अपने कब्जे में लेने के लिए संबंधित अदालत से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त करना होगा। मामले की आगे की जांच जारी है।

    (इनपुट-पीटीआई)

    यह भी पढ़ें- पंजाब में 'नशे के खिलाफ युद्ध' की नायिका बनीं महिलाएं, पतियों और बेटों को दिखा रहीं नई राह