Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मालेरकोटला सफाईकर्मी हत्याकांड में पुलिस को मिली कामयाबी, 2 आरोपी गिरफ्तार; शव उठाने को राजी हुआ परिवार

    Updated: Mon, 13 Jul 2026 01:10 PM (IST)

    मालेरकोटला में सफाई कर्मचारी शिव कुमार हत्याकांड में पुलिस ने छह दिन बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। परिवार ने पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार कराया, ल ...और पढ़ें

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    HighLights

    1. मालेरकोटला सफाईकर्मी हत्याकांड में पुलिस ने दो आरोपी पकड़े।

    2. मृतक परिवार पोस्टमार्टम, अंतिम संस्कार को हुआ राजी।

    3. बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर संघर्ष की चेतावनी।

    संवाद सहयोगी, मलेरकोटला। मालेरकोटला में सफाई कर्मचारी शिव कुमार की कथित हत्या के मामले में छह दिन बाद पुलिस को पहली बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपित समेत तीन अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मृतक के परिवार ने पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार कराने का फैसला लिया है।

    हालांकि परिवार ने साफ कर दिया है कि यदि मृतक के भोग से पहले बाकी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो अनुसूचित जाति संगठनों के साथ मिलकर संघर्ष को और तेज किया जाएगा।

    मृतक शिव कुमार, पंजाब अनुसूचित जाति आयोग की पूर्व सदस्य पूनम कांगड़ा के छोटे भाई थे। उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद परिवार ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की थी। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर परिवार ने लगातार पांच दिनों तक पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार कराने से इनकार कर दिया था।

    यह भी पढ़ें- पंजाब के निजी स्कूलों की मनमानी पर लगाम, राज्यपाल ने आर्डिनेंस को दी मंजूरी; अब 5% से ज्यादा नहीं बढ़ेगी फीस

    5 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

    डीएसपी यादविंदर सिंह ने बताया कि आठ जुलाई को पुलिस को शिव कुमार की संदिग्ध मौत की सूचना मिली थी। मामले की जांच के बाद मृतक की मां बबली के बयान के आधार पर एक महिला सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपित नासरा और उसके दामाद जावेद नदीम को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपित समेत अन्य तीन आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

    भारतीय आंबेडकर मिशन भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष दर्शन सिंह कांगड़ा ने कहा कि पुलिस ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद परिवार ने शिव कुमार का पोस्टमार्टम राजिंदरा अस्पताल, पटियाला में कराने और अंतिम संस्कार करने पर सहमति दे दी है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- फतेहगढ़ साहिब में ATM में पीछे खड़ा युवक बना शातिर ठग, पलक झपकते कार्ड बदला और खाते से उड़ाए 41 हजार रुपये

    न्याय की लड़ाई अभी खत्म नहीं

    परिवार ने स्पष्ट किया है कि न्याय की लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। यदि मृतक के भोग से पहले मुख्य आरोपित समेत तीनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो भोग की रस्में भी मालेरकोटला के लुधियाना बाईपास के निकट सड़क किनारे टेंट लगाकर की जाएंगी। इसके साथ ही अनुसूचित जाति संगठनों के सहयोग से बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा।

    पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं परिवार और सामाजिक संगठनों की नजर अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है। इस मामले ने एक बार फिर कानून व्यवस्था, त्वरित जांच और पीड़ित परिवार को समय पर न्याय दिलाने की व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आने वाले दिनों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी इस पूरे मामले की सबसे अहम कड़ी मानी जा रही है।

    यह भी पढ़ें- जालंधर के अंबेडकर चौक पर दर्दनाक हादसा, ट्रक के नीचे आने से साइकिल सवार की मौत; चालक गिरफ्तार