बठिंडा में आज से खेलों का महाकुंभ, CM भगवंत मान करेंगे आगाज; गुरदास मान-कुलविंदर बिल्ला लगाएंगे सुरों का तड़का
बठिंडा में आज से 'खेडां वतन पंजाब दियां' का आगाज होगा, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री भगवंत मान करेंगे। समारोह में गुरदास मान और कुलविंदर बिल्ला प्रस्तुति देंगे।

मुख्यमंत्री भगवंत मान खिलाड़ियों और युवाओं को करेंगे संबोधित।
HighLights
बठिंडा में 'खेडां वतन पंजाब दियां' का आज से शुभारंभ
मुख्यमंत्री भगवंत मान करेंगे भव्य उद्घाटन, युवाओं को करेंगे संबोधित
गुरदास मान, कुलविंदर बिल्ला देंगे संगीतमय प्रस्तुति, संस्कृति का संगम
जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ का आज बठिंडा से आगाज होगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री भगवंत मान शाम को बठिंडा के खेल स्टेडियम में आयोजित होने वाले भव्य समारोह में इस खेल आयोजन की शुरुआत करेंगे।
उद्घाटन समारोह को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और शहरवासियों के पहुंचने की संभावना है। मुख्यमंत्री भगवंत मान समारोह में खिलाड़ियों और युवाओं को संबोधित भी करेंगे।
गुरदास मान और कुलविंदर बिल्ला करेंगे विशेष प्रस्तुति
खेलों के साथ-साथ उद्घाटन समारोह में पंजाबी संस्कृति और संगीत की भी झलक देखने को मिलेगी। पंजाबी संगीत जगत के प्रसिद्ध गायक गुरदास मान और लोकप्रिय गायक कुलविंदर बिल्ला विशेष प्रस्तुति देंगे। दोनों कलाकार अपनी गायकी से समारोह में रंग जमाएंगे।
खेल स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम को लेकर युवाओं में खासा उत्साह है। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के साथ उन्हें खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बठिंडा में फुटबाल मैदान से घर की ओर निकले पीटी शिक्षक की सड़क हादसे में मौत, पंजाब स्तर के खिलाड़ी थे अमृतपाल
युवाओं को खेलों से जोड़ने पर जोर
‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के जरिए पंजाब सरकार का फोकस प्रदेश के युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने और स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने पर है। प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से सामने आने वाली खेल प्रतिभाओं को उचित मंच मिलने से प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने की उम्मीद है। सरकार की ओर से युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों की ओर आकर्षित करने के लिए भी खेल गतिविधियों पर जोर दिया जा रहा है।
बठिंडा में दिखेगा खेल और पंजाबी संस्कृति का संगम
आज होने वाला उद्घाटन समारोह सिर्फ खेल आयोजन की शुरुआत तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें पंजाब की खेल भावना के साथ-साथ पंजाबी संस्कृति और संगीत की झलक भी देखने को मिलेगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी और गुरदास मान व कुलविंदर बिल्ला की प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेंगी।
बठिंडा में होने वाले इस कार्यक्रम के साथ ही ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के तहत खिलाड़ियों के लिए प्रतिस्पर्धा और अपनी प्रतिभा साबित करने का मंच तैयार हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- मानहानि केस में बठिंडा की अदालत में पेश हुईं कंगना रनौत, महिंदर कौर के पोते ने दी गवाही
