बठिंडा में फुटबाल मैदान से घर की ओर निकले पीटी शिक्षक की सड़क हादसे में मौत, पंजाब स्तर के खिलाड़ी थे अमृतपाल
नथाना निवासी पीटी शिक्षक और फुटबाल खिलाड़ी अमृतपाल सिंह जग्गू की सड़क हादसे में मौत हो गई। खिलाड़ियों को अभ्यास करवाकर घर लौटते समय उनकी कार टकरा गई।

अमृतपाल सिंह की फाइल फोटो।
HighLights
बठिंडा पीटी शिक्षक अमृतपाल सिंह जग्गू की सड़क हादसे में दुखद मौत।
पंजाब स्तर के फुटबॉलर, खिलाड़ियों को अभ्यास करवाकर घर लौट रहे थे।
भगता भाईका पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया, जांच शुरू की।
संवाद सूत्र, नथाना (बठिंडा)। बठिंडा के सरकारी हाई स्कूल जंगियाणा में पीटी शिक्षक के पद पर सेवाएं दे रहे नथाना निवासी अमृतपाल सिंह जग्गू की सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार को गांव गुमटी और दयालपुरा मिर्जा के बीच मुख्य सड़क पर उनकी कार की टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, अमृतपाल सिंह जग्गू स्कूल में छुट्टी के बाद रोजाना की तरह खिलाड़ियों को फुटबाल का अभ्यास करवाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव गुमटी और दयालपुरा मिर्जा के बीच उनकी कार की टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि वह बुरी तरह घायल हो गए।
राहगीरों ने घायल अमृतपाल सिंह को उपचार के लिए आदेश अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार और उनके परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
यह भी पढ़ें- बठिंडा में बेखौफ चोर-झपटमार, ताबड़तोड़ 4 वारदातों से मची सनसनी; सीसीटीवी के बावजूद पुलिस खाली हाथ
पंजाब स्तर पर खेल चुके थे फुटबाल
अमृतपाल सिंह जग्गू फुटबाल के प्रतिभाशाली खिलाड़ी होने के साथ-साथ अच्छे प्रशिक्षक भी थे। उन्होंने पंजाब और अंतरविश्वविद्यालय स्तर पर फुटबाल खेली थी। खेल के प्रति उनका लगाव लंबे समय से रहा। शिक्षक के रूप में सेवाएं देने के साथ वह युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करते थे और खिलाड़ियों को फुटबाल का प्रशिक्षण भी देते थे।
यह भी पढ़ें- पंजाब में 15 सितंबर के बाद बड़े सियासी फेरबदल के आसार, अकाली दल के दोनों धड़ों में किससे हाथ मिलाएगी BJP?
पुलिस ने जांच की शुरू
उनके निधन से शिक्षा और खेल जगत से जुड़े लोगों के साथ इलाके के लोगों में भी शोक है। स्थानीय लोगों ने कहा कि अमृतपाल सिंह युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत रहते थे।
हादसे की सूचना मिलने पर भगता भाईका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
