बठिंडा में बेखौफ चोर-झपटमार, ताबड़तोड़ 4 वारदातों से मची सनसनी; सीसीटीवी के बावजूद पुलिस खाली हाथ
बठिंडा में एक घंटे में दो दुकानों के ताले तोड़कर चोरी हुई। बाइक चोरी और दिनदहाड़े सोने का कड़ा झपटने की वारदात भी सामने आई।

CCTV में दिखे आरोपी।
HighLights
बठिंडा में एक घंटे के भीतर दो दुकानों में चोरी।
सीसीटीवी में आरोपित की पहचान, फिर भी पुलिस खाली हाथ।
शहर में मोटरसाइकिल चोरी और सोने का कड़ा झपटने की घटनाएं।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। शहर में चोर और झपटमार बेखौफ नजर आ रहे हैं। रविवार तड़के करीब एक घंटे के भीतर दो दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और सामान चोरी कर लिया गया। दोनों घटनाओं में एक ही युवक के शामिल होने की बात सामने आई है और उसका चेहरा निगरानी कैमरों में साफ दिखाई दे रहा है।
इसके बावजूद पुलिस अभी तक आरोपित तक नहीं पहुंच सकी है। इसके अलावा शनिवार को मोटरसाइकिल चोरी और दिनदहाड़े सोने का कड़ा झपटने की घटनाओं ने भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
यह भी पढ़ें- स्कूल जाने से मना करने लगी बच्ची, पूछने पर खुला राज; पटियाला में ऑटो चालक पर अश्लील हरकत करने का आरोप
कैफे का शीशे वाला दरवाजा तोड़कर नकदी चोरी
परसराम नगर मुख्य मार्ग की गली नंबर एक स्थित कैफे में रविवार सुबह करीब नौ बजे चोरी हुई। संचालक साहिल कुमार के अनुसार, वह कैफे खोलने के बाद शीशे वाले दरवाजे को बंद कर खाना खाने घर गया था। इसी दौरान एक युवक ने दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गोलक में रखी करीब 20 से 30 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया।
एक घंटे बाद दूसरी दुकान में वारदात
इसके करीब एक घंटे बाद प्रताप नगर की गली नंबर 17 स्थित मोहित टेलीकाम की दुकान में भी चोरी हुई। आरोपित ने दुकान का ताला तोड़कर करीब 15 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी कर लिया। दोनों घटनाओं के निगरानी कैमरों की फुटेज में एक ही युवक दिखाई दे रहा है। उसकी उम्र करीब 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- लुधियाना में किसानों का प्रदर्शन, मिनी सचिवालय के बाहर पक्का मोर्चा लगाया; मांगें पूरी होने तक नहीं हटेंगे
मोटरसाइकिल और सोने का कड़ा भी झपटा
जीटी रोड स्थित सुखमनी डायग्नोज के पास से शनिवार को मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई। निगरानी कैमरे में दो युवक मोटरसाइकिल लेकर जाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, शनिवार शाम सिरकी बाजार में दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने एक व्यक्ति के हाथ से दिनदहाड़े सोने का कड़ा झपट लिया और फरार हो गए।
लगातार सामने आ रही वारदातों से शहरवासियों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि निगरानी कैमरों में चेहरे साफ आने के बावजूद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस से गश्त बढ़ाने, फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने और चोरी का सामान बरामद करने की मांग की है।
