हादसा या साजिश? मोगा में 3 साल के बच्चे की ट्रैक्टर के नीचे आने से मौत, पिता की शिकायत पर जांच शुरू
मोगा के रेड़वां गांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। पिता ने धमकी भरी कॉल का हवाला देकर हत्या का शक जताया।

ये AI जनरेटेड इमेज है।
HighLights
मोगा में तीन साल के मासूम की ट्रैक्टर से मौत।
पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को दी शिकायत।
पुलिस धमकी भरे फोन कॉल और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
संवाद सहयोगी, मोगा। मोगा के धर्मकोट के अंतर्गत आते गांव रेड़वां में रविवार को दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम की ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गगनदीप सिंह के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और कुछ समय से अपने ननिहाल गांव रेड़वां में रह रहा था। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया, जबकि गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, गगनदीप का मामा गुरचरण सिंह पुत्र हरजिंदर सिंह निवासी रेड़वां ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे कर रहा था। इसी दौरान बच्चा अचानक ट्रॉली के पीछे आ गया और उसकी चपेट में आ गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- जूते की दुकान बनी जासूसी का ठिकाना! लुधियाना में सैन्य वाहनों पर नजर रखने वाले नेटवर्क के दो और जासूस गिरफ्तार
पिता ने जताया हत्या का शक
मृतक के पिता सतनाम सिंह निवासी पीर महम्मद ने बेटे की मौत को महज हादसा मानने पर संदेह जताया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि घटना से पहले उन्हें फोन पर धमकी दी गई थी। कथित तौर पर फोन करने वाले ने बच्चे को नुकसान पहुंचाने की बात कही थी। इसके बाद बेटे की मौत होने पर पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है।
यह भी पढ़ें- श्री हरि मंदिर साहिब के पास होटल में बवाल, पहचान पत्र मांगने पर भड़के युवक; साथियों संग लौट की मारपीट
पुलिस ने जांच की शुरू
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभी तक हत्या से संबंधित कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है। पिता द्वारा बताई गई धमकी भरी फोन कॉल की भी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
