स्कूल जाने से मना करने लगी बच्ची, पूछने पर खुला राज; पटियाला में ऑटो चालक पर अश्लील हरकत करने का आरोप
पटियाला में छठी कक्षा की बच्ची ने स्कूल जाने से इनकार किया तो परिवार को घटना का पता चला। ऑटो ...और पढ़ें

बच्ची ने ऑटो चालक पर लगाया आरोप।
HighLights
पटियाला में ऑटो चालक पर बच्ची से अश्लील हरकत का आरोप।
बच्ची ने डर के कारण घटना के बारे में नहीं बताया था।
पुलिस ने परिवार की शिकायत पर मामले की जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, पटियाला। त्रिपड़ी इलाके में छठी कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची के साथ ऑटो चालक द्वारा अश्लील हरकत किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपित ऑटो चालक बच्ची को रोजाना स्कूल ले जाने और वापस घर छोड़ने के लिए लगाया गया था। घटना के बाद बच्ची डर गई और कई दिन तक परिवार को कुछ नहीं बताया।
परिवार के अनुसार, 29 अगस्त को बच्ची ने अचानक स्कूल जाने से मना करना शुरू कर दिया। शुरुआत में स्वजन ने इसे बच्ची की जिद समझा, लेकिन लगातार रोने और स्कूल जाने से इनकार करने पर उन्होंने उससे कारण पूछा। इसके बाद बच्ची ने कथित घटना के बारे में परिवार को बताया।
यह भी पढ़ें- लुधियाना में किसानों का प्रदर्शन, मिनी सचिवालय के बाहर पक्का मोर्चा लगाया; मांगें पूरी होने तक नहीं हटेंगे
एनवायरमेंट पार्क के अंदर की अश्लील हरकत
परिवार के मुताबिक, 27 अगस्त को ऑटो चालक बच्ची को सामान्य समय से करीब पांच मिनट पहले घर से यह कहकर लेकर गया कि उसे जल्दी स्कूल पहुंचना है। आरोप है कि स्कूल जाने के बजाय वह बच्ची को एनवायरमेंट पार्क के अंदर ले गया और वहां उसके साथ अश्लील हरकत की।
परिवार का आरोप है कि ऑटो चालक ने बच्ची को घटना के बारे में किसी को बताने पर धमकी भी दी थी। इसी डर के कारण बच्ची ने घटना के बारे में तुरंत किसी को नहीं बताया और वह मानसिक रूप से परेशान रही।
यह भी पढ़ें- हादसा या साजिश? मोगा में 3 साल के बच्चे की ट्रैक्टर के नीचे आने से मौत, पिता की शिकायत पर जांच शुरू
पुलिस ने जांच की शुरू
घटना का पता चलने के बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत कर आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस बच्ची और परिवार के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है। साथ ही आरोपित ऑटो चालक की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिग से जुड़े इस मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- जूते की दुकान बनी जासूसी का ठिकाना! लुधियाना में सैन्य वाहनों पर नजर रखने वाले नेटवर्क के दो और जासूस गिरफ्तार
