Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बठिंडा में SIR प्रक्रिया के लिए पहुंचे बीएलओ से मारपीट, सरकारी रिकॉर्ड छीनने की कोशिश; आरोपित गिरफ्तार

    Updated: Thu, 16 Jul 2026 02:14 PM (IST)

    विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान मतदाता सत्यापन करने पहुंचे बीएलओ से मारपीट का मामला सामने आया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया, जबकि बीएलओ यून ...और पढ़ें

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    HighLights

    1. बठिंडा में बीएलओ से मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा।

    2. मतदाता सत्यापन के दौरान हुआ हमला, आरोपित गिरफ्तार।

    3. बीएलओ यूनियन ने फील्ड कर्मचारियों की सुरक्षा की मांग की।

    जागरण संवाददाता, बठिंडा। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सत्यापन कार्य कर रहे एक बूथ लेवल अधिकारी के साथ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। घटना के बाद बीएलओ समुदाय में रोष फैल गया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

    वहीं बीएलओ यूनियन ने प्रशासन से फील्ड में ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। जानकारी के अनुसार बूथ लेवल अधिकारी हरमेश कुमार 15 जुलाई को सिरकी बाजार क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाताओं के दस्तावेजों का सत्यापन करने और आवश्यक जानकारी जुटाने के लिए घर-घर जा रहे थे।

    इसी दौरान वह एक मकान पर दस्तावेजों की जांच के लिए पहुंचे। आरोप है कि मकान मालिक आकाशदीप सिंह ने दस्तावेज उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

    यह भी पढ़ें- प्रधानमंत्री के दौरे से पहले जालंधर में हाई अलर्ट, डीजीपी ने खुद संभाली कमान; सुरक्षा के हर इंतजाम की जांच

    बहस बढ़ने के बाद की मारपीट

    शिकायत के अनुसार बहस बढ़ने पर आरोपित ने बीएलओ के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। इतना ही नहीं, उसने बीएलओ के पास मौजूद सरकारी रिकॉर्ड छीनने का भी प्रयास किया। इस घटना से सरकारी कार्य बाधित हुआ और मौके पर तनाव का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके की जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी।

    प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- बिजली व्यवस्था पर इंजीनियरों की चेतावनी, स्टाफ और तकनीकी संकट नहीं सुलझा तो कभी भी बिगड़ सकते हालात

    आरोपित के खिलाफ कार्रवाई

    घटना के बाद बीएलओ यूनियन के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त राजेश धीमान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ज्योति यादव बैंस से मुलाकात कर आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। यूनियन ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के दस्तावेजों का सत्यापन कर रहे हैं, लेकिन कई स्थानों पर उन्हें लोगों के विरोध, बहस और असहयोग का सामना करना पड़ रहा है।

    ड्यूटी में बाधा डालने के खिलाफ मामला दर्ज

    यूनियन ने प्रशासन से मांग की कि फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस सुरक्षा भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि कर्मचारी बिना किसी डर के अपनी जिम्मेदारी निभा सकें। यूनियन का कहना है कि यदि बीएलओ सुरक्षित वातावरण में कार्य नहीं कर पाएंगे तो मतदाता सत्यापन जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

    उधर, थाना कोतवाली के प्रभारी दलजीत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- पठानकोट में एक साथ 5 ठिकानों पर ED की दबिश, स्टोन क्रेशर कारोबारी और प्रॉपर्टी डीलर के ठिकानों चल रही जांच