Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बठिंडा के श्मशान घाट में मिला 17 वर्षीय युवक का शव, शरीर पर चोट और खून के निशान; हत्या की आशंका गहराई

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 04:16 PM (GMT+05:30)

    बठिंडा के गांव जस्सी पौ वाली के श्मशान घाट में 17 वर्षीय युवक का शव मिला। शरीर पर चोट के निशान मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस जांच कर ...और पढ़ें

    पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

    HighLights

    1. बठिंडा श्मशान घाट में 17 वर्षीय युवक का शव मिला।

    2. शरीर पर चोट और खून के निशान, हत्या की आशंका।

    3. पुलिस ने जांच शुरू की, पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

    जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा के मानसा मार्ग स्थित गांव जस्सी पौ वाली के श्मशान घाट में वीरवार सुबह 17 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के शरीर पर चोट के निशान और खून के धब्बे मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस, कोटशमीर चौकी पुलिस और ग्रामीण पुलिस उपाधीक्षक मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

    पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, बठिंडा की मोर्चरी भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, वीरवार सुबह सहारा जनसेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड को सूचना मिली कि गांव जस्सी पौ वाली के श्मशान घाट में एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही संस्था की एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस को भी जानकारी दी गई।

    पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तो वहां एक युवक का शव पड़ा मिला। युवक के चेहरे पर सफेद कपड़ा रखा हुआ था, जबकि शरीर के कई हिस्सों पर खून के निशान दिखाई दे रहे थे। मौके से पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और आसपास के क्षेत्र की भी जांच की।

    यह भी पढ़ें- कपूरथला से निकले 3 बच्चे पहुंच गए नई दिल्ली, ट्रेन से पहुंचे थे; पुलिस ने सुरक्षित ढूंढकर परिवारों से मिलाया

    मृतक की हुई पहचान

    मृतक की पहचान गांव गहरी भागी निवासी 17 वर्षीय महेंद्र सिंह पुत्र गुरसेवक सिंह के रूप में हुई है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार महेंद्र बुधवार रात अपने कुछ दोस्तों के साथ घर से निकला था। देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर परिवार को चिंता हुई, लेकिन अगले दिन सुबह सूचना मिली कि उसका शव श्मशान घाट में पड़ा है।

    खबरें और भी

    सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे और बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई। परिजनों का कहना है कि महेंद्र की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। वह ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर परिवार का सहयोग करता था। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

    यह भी पढ़ें- कपूरथला: सुल्तानपुर लोधी में भीषण सड़क हादसा, पेड़ से टकराई कार, दो की मौत और एक घायल

    पुलिस ने जांच की शुरू

    पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने के साथ फोरेंसिक जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। साथ ही मृतक के साथ अंतिम बार देखे गए दोस्तों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटनाक्रम की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सके।

    ग्रामीण पुलिस उपाधीक्षक हरविंदर सिंह सरां ने बताया कि प्रथम दृष्टया सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- अवैध खनन पर पंजाब विधानसभा में घमासान, कमेटी की मांग पर कांग्रेस का वॉकआउट; चीमा ने भाजपा को दी चुनौती