कपूरथला से निकले 3 बच्चे पहुंच गए नई दिल्ली, ट्रेन से पहुंचे थे; पुलिस ने सुरक्षित ढूंढकर परिवारों से मिलाया
कपूरथला से लापता तीन बच्चे ट्रेन से नई दिल्ली पहुंच गए थे। पुलिस ने त्वरित जांच के बाद उन्हें सुरक्षित बरामद कर परिवारों से मिलाया। अपहरण की आशंका गलत ...और पढ़ें

कपूरथला पुलिस की तरफ से रिकवर किए गए बच्चे।
HighLights
कपूरथला से लापता तीन बच्चे नई दिल्ली में मिले।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर बच्चों को सुरक्षित बरामद किया।
शुरुआत में अपहरण की आशंका, बच्चे खुद ट्रेन से गए थे।
जागरण संवाददाता, कपूरथला। कपूरथला पुलिस ने दो अगस्त से लापता तीन बच्चों को सुरक्षित बरामद कर उनके परिवारों को बड़ी राहत दी है। शुरुआती दौर में अपहरण की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों बच्चे स्वयं घर से निकलकर ट्रेन के माध्यम से नई दिल्ली पहुंच गए थे।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें सुरक्षित बरामद किया और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिवारों से मिला दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव तूरा ने बताया कि दो अगस्त को बाबा दीप सिंह नगर निवासी संजय महतो ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनका नौ वर्षीय बेटा चंदन कुमार पड़ोस के दो अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया।
संजय महतो मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी जिले के निवासी हैं और वर्तमान में बाबा दीप सिंह नगर की गली नंबर दो में रहते हैं। शिकायत में बच्चों को अज्ञात लोगों द्वारा गलत तरीके से रोक लिए जाने की आशंका जताई गई थी। इसके आधार पर सिटी थाना कपूरथला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
यह भी पढ़ें- पठानकोट में रात फिर हुई फायरिंग, घर की खिड़की का शीशा टूटा; बाल-बाल बचा परिवार
पुलिस ने शिकायत मिलते कार्रवाई शुरू की
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी थाना प्रभारी रणजीत सिंह और उपनिरीक्षक गुरमीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने बच्चों के आने-जाने के संभावित रास्तों, स्थानीय लोगों से पूछताछ और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि बच्चों का अपहरण नहीं हुआ, बल्कि वे अपनी मर्जी से ट्रेन में बैठकर नई दिल्ली चले गए थे।
खबरें और भी
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक गुरमीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत नई दिल्ली रवाना हुई। वहां स्थानीय स्तर पर समन्वय स्थापित कर बच्चों का पता लगाया गया। सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद तीनों बच्चों को सुरक्षित पुलिस संरक्षण में कपूरथला लाया गया।
यह भी पढ़ें- अवैध खनन पर पंजाब विधानसभा में घमासान, कमेटी की मांग पर कांग्रेस का वॉकआउट; चीमा ने भाजपा को दी चुनौती
परिवार को सौंपे बच्चे
पुलिस ने बाद में तीनों बच्चों को उनके स्वजन के सुपुर्द कर दिया। बच्चों के सुरक्षित लौटने पर परिवारों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव तूरा ने कहा कि सिटी थाना पुलिस ने पूरी संवेदनशीलता और पेशेवर तरीके से मामले की जांच की। पुलिस टीम की तत्परता, तकनीकी जांच और समय पर की गई कार्रवाई के कारण बच्चों को सुरक्षित बरामद करना संभव हो सका। उन्होंने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में हर मिनट महत्वपूर्ण होता है और पुलिस ने उसी गंभीरता के साथ कार्रवाई की।