पठानकोट में रात फिर हुई फायरिंग, घर की खिड़की का शीशा टूटा; बाल-बाल बचा परिवार
पठानकोट के गांव लाहड़ी में एक घर पर अज्ञात हमलावरों ने गोली चला दी। परिवार सुरक्षित बच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों की जांच ...और पढ़ें

पठानकोट का घर, जिस पर हुई फायरिंग।
HighLights
पठानकोट में अज्ञात हमलावरों ने घर पर की फायरिंग।
गोली लगने से खिड़की का शीशा टूटा, परिवार सुरक्षित।
पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, पठानकोट। घरोटा-पठानकोट मार्ग स्थित गांव लाहड़ी 318 में बुधवार देर रात एक घर पर अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली चलाने की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। रात करीब साढ़े आठ बजे हुई इस वारदात में गोली घर की खिड़की से टकराई, जिससे शीशा टूट गया। राहत की बात यह रही कि उस समय घर के भीतर मौजूद परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ।
घटना बीती रात करीब 8:30 बजे की है। पीड़ित गुरदीप सिंह पुत्र बिशन सिंह ने बताया कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर के नए हिस्से में भोजन की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान बाहर से गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी।
जब वे बाहर आए तो घर की खिड़की का शीशा टूटा हुआ था। जांच करने पर गोली चलने के निशान मिले। गनीमत रही कि उस समय बच्चों सहित परिवार का कोई भी सदस्य घायल नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें- अवैध खनन पर पंजाब विधानसभा में घमासान, कमेटी की मांग पर कांग्रेस का वॉकआउट; चीमा ने भाजपा को दी चुनौती
फायरिंग कर फरार हुए हमलावर
गुरदीप सिंह ने बताया कि घटना के समय पास के चौक में 20 से 25 लोग मौजूद थे। आसपास की दुकानें भी खुली हुई थीं और क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। उनका कहना है कि हमलावर संभवतः स्कूल वाली तरफ से आए और वारदात को अंजाम देने के बाद उसी दिशा में फरार हो गए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- लुधियाना में अचानक धंसी 30 फीट सड़क, 20 फुट गहरे गड्ढे से बढ़ा खतरा, इमारतों और ट्रैफिक पर संकट
मामला दर्ज कर जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी। सदर थाना प्रभारी दलजीत सिंह ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है तथा पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।उधर अलग अलग जांच एजेंसी भी अपनी कार्रवाई में जुटी है।