बठिंडा में जहरीला स्प्रे पीने से युवक की मौत, पत्नी पर 25 लाख मांगने का आरोप; पुलिस ने जांच की शुरू
अमरगढ़ गांव में जहरीला स्प्रे पीने से युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने पत्नी पर मानसिक प्रताड़ना और पैसे मांगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने ...और पढ़ें

मृतक की फाइल फोटो।
संवाद सूत्र, गोनियाना मंडी (बठिंडा)। बठिंडा के गोनियाना के समीप स्थित गांव अमरगढ़ निवासी धर्मप्रीत सिंह पुत्र खोखा सिंह का उपचार के दौरान निधन हो गया। परिजनों का आरोप है कि धर्मप्रीत ने अपनी पत्नी द्वारा कथित प्रताड़ना से परेशान होकर जहरीला स्प्रे पी लिया था। अब परिवार ने प्रशासन से दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
मृतक के पिता खोखा सिंह और उसके भाई ने बताया कि धर्मप्रीत की पत्नी उसे लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान कर रही थी तथा उससे 25 लाख रुपये की मांग करती थी। उनके अनुसार इसी कारण धर्मप्रीत लगातार तनाव में रहने लगा। लगभग 15 दिन पहले उसने जहरीला स्प्रे पी लिया था। परिजनों का यह भी कहना है कि स्प्रे पीने के बाद धर्मप्रीत ने एक वीडियो भी सार्वजनिक किया था, जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार अपनी पत्नी को बताया था।
यह भी पढ़ें- जालंधर में आंधी का कहर, चलते मोटरसाइकिल पर गिरा पेड़; पिता और बेटी ने मौके पर तोड़ा दम
उपचार के दौरान तोड़ा दम
परिजनों के अनुसार घटना वाले दिन ही पुलिस को शिकायत दे दी गई थी, लेकिन आरोपी महिला की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। इस बीच जहरीले पदार्थ का असर उसके पूरे शरीर में फैल गया। विभिन्न अस्पतालों में उपचार के बाद जब डॉक्टरों ने जवाब दे दिया तो उसे सुखमनी नर्सिंग होम लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मृतक के पिता और भाई ने प्रशासन से मांग की कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर परिवार को न्याय दिलाया जाए।
यह भी पढ़ें- बटाला में रेलवे ट्रैक पर मिला शव, आधा किलोमीटर तक बिखरे अंग; हादसा या साजिश!
पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज
वहीं थाना नयांवाला के पुलिस कर्मचारी जगमीत सिंह ने बताया कि गत 17 तारीख को युवक द्वारा जहरीला स्प्रे पीने के मामले में उसके बयान के आधार पर उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई थीं। अब युवक की मृत्यु के बाद मामले में कानून के अनुसार आवश्यक अतिरिक्त धाराएं जोड़कर आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा तथा निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।