कमल कौर भाभी हत्याकांड में 5वें आरोपी की हुई पहचान, मेहरों की फरारी में निभाई थी अहम भूमिका
कमल कौर भाभी हत्याकांड में पुलिस ने पांचवें आरोपी की पहचान कर उसे नामजद किया है। आरोपी पर मुख्य साजिशकर्ता अमृतपाल सिंह मेहरों को हत्या के बाद अमृतसर ...और पढ़ें

कमल कौर भाभी की फाइल फोटो।
HighLights
कमल कौर भाभी हत्याकांड में पांचवां आरोपी नामजद।
शमशेर सिंह ने मुख्य आरोपी को दुबई भगाने में मदद की।
बठिंडा पुलिस ने चार आरोपियों को पहले ही पकड़ा।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। चर्चित इंफ्ल्यूएंसर कंचन कुमारी उर्फ “कमल कौर भाभी” हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान एक और बड़ा खुलासा हुआ है। बठिंडा पुलिस ने इस मामले में पांचवें आरोपित की पहचान करते हुए उसे नामजद कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने मुख्य साजिशकर्ता अमृतपाल सिंह मेहरों को हत्या के बाद विदेश भागने में मदद की थी।
उप पुलिस अधीक्षक नगर-दो अरुण मुंडन ने बताया कि नए नामजद आरोपित की पहचान शमशेर सिंह उर्फ शेरा पुत्र अवतार सिंह निवासी गांव झबाल, जिला तरनतारन के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि शमशेर सिंह और रणजीत सिंह ने मिलकर हत्या के बाद अमृतपाल सिंह मेहरों को बठिंडा से श्री अमृतसर हवाई अड्डे तक पहुंचाया था। वहां से वह दुबई फरार हो गया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अब तक इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि पांचवें आरोपित की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बठिंडा में स्वास्थ्य कर्मियों का प्रदर्शन, रुकी तनख्वाह और छुट्टियों को लेकर भड़के; 20 मई तक दिया अल्टीमेटम
बीते साल गला घोंट की थी हत्या
जांच के अनुसार कंचन कुमारी की हत्या 11 जून 2025 को गला घोंटकर की गई थी। हत्या के बाद शव को एक कार में छोड़कर बठिंडा स्थित आदेश अस्पताल की पार्किंग में खड़ा कर दिया गया था। बाद में पुलिस ने वहीं से शव बरामद किया था। इस घटना ने पूरे पंजाब में सनसनी फैला दी थी।
पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया कि हत्या के बाद मुख्य आरोपित अमृतपाल सिंह मेहरों संयुक्त अरब अमीरात में छिपा हुआ था। पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों और विदेश फरार आरोपितों की तलाश करने वाली विशेष शाखा की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाया। बाद में उसे भारत वापस लाकर 10 अप्रैल 2026 को दिल्ली हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- पंजाब: लीची उत्पादन पर मौसम की मार, आंधी की वजह से 10 परसेंट तक कच्चा फल गिरा
मेहरों है हत्या का सूत्रधार
पुलिस के मुताबिक अमृतपाल सिंह मेहरों इस पूरी साजिश का मुख्य सूत्रधार है। इससे पहले पुलिस उसके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर चुकी है। नगर पुलिस अधीक्षक नरिंदर सिंह ने बताया कि मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है और कई अहम पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि पांचवें आरोपित की भूमिका भी जांच में स्पष्ट हो चुकी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं अधिवक्ता मनप्रीत सिंह ने बताया कि अमृतपाल सिंह मेहरों और रणजीत सिंह के खिलाफ पुलिस अदालत में पूरक चालान पेश कर चुकी है। जबकि जसप्रीत सिंह और निमरतदीप सिंह के खिलाफ पहले ही चालान दाखिल किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि इस बहुचर्चित हत्याकांड से जुड़े हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।