विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बठिंडा में एक ही दिन में चार मौतें, मरने वालों में एक सस्पेंड पुलिसकर्मी; परिजनों ने हार्ट अटैक बताया कारण

Published: Fri, 04 Sep 2026 04:04 PM (IST)

बठिंडा के कोटशामीर गांव में एक ही दिन में चार लोगों की मौत से मातम छा गया। मृतकों में एक ...और पढ़ें

मृतकों की फाइल फोटो।

मृतकों की फाइल फोटो।

HighLights

  1. बठिंडा के कोटशामीर गांव में एक ही दिन में चार मौतें।

  2. मृतकों में निलंबित पंजाब पुलिसकर्मी गुरप्रीत सिंह भी शामिल थे।

  3. परिजनों ने हार्ट अटैक को मौत का कारण बताया, पोस्टमार्टम जारी।

जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा के गांव कोटशामीर में बीते बुधवार का दिन उस समय मातम में बदल गया, जब एक ही दिन में चार लोगों की अचानक मौत हो गई। मृतकों में पंजाब पुलिस का निलंबित चल रहा 30 वर्षीय पुलिसकर्मी गुरप्रीत सिंह, 35 वर्षीय बिजली मैकेनिक गुरमेल सिंह, 46 वर्षीय गांधी सिंह और 70 वर्षीय गुरजंट सिंह शामिल हैं। एक ही दिन चार लोगों की मौत की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

गांव कोटशामीर नगर पंचायत के प्रधान निर्मल सिंह ने बताया कि उन्होंने चारों मृतकों के परिवारों से संपर्क कर मौत के कारणों की जानकारी ली। परिजनों ने चारों की मौत का कारण हृदयाघात बताया है। हालांकि, पुलिसकर्मी गुरप्रीत सिंह की मौत के मामले में पोस्टमार्टम करवाया गया है। वहीं, बाकी तीन मृतकों के परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं करवाया और उनका अंतिम संस्कार कर दिया।

यह भी पढ़ें- बरनाला में सिख युवक से पुलिस बर्बरता का भाजपा व SGPC ने किया विरोध, ककारों की बेअदबी पर उठाए सवाल

निलंबित चल रहा था गुरप्रीत

थाना सदर के प्रभारी मुनीश कुमार ने गुरप्रीत सिंह के पुलिस विभाग से निलंबित चलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गांव कोटशामीर निवासी पुलिसकर्मी पिछले कुछ समय से विभाग से निलंबित था। हालांकि, उसकी निलंबन की वजह और उसके खिलाफ चल रही विभागीय कार्रवाई के बारे में पुलिस अधिकारी ने कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।

यह भी पढ़ें- पंजाब सरकार दे रही है ₹10 लाख का हेल्थ कार्ड, घर बैठे मोबाइल से करें डाउनलोड; स्टेप बाय स्टेप जानें तरीका

तनाव में होने की चर्चा

गांव के कुछ लोगों के अनुसार गुरप्रीत सिंह निलंबन के बाद से मानसिक तनाव में था। इसी वजह से उसे हृदयाघात आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस या प्रशासन की ओर से तनाव को उसकी मौत का कारण बताए जाने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में अभी यह कहना जल्दबाजी होगा कि निलंबन के कारण तनाव उसकी मौत की वजह बना।

पोस्टमार्टम के बाद किया अंतिम संस्कार

गुरप्रीत सिंह की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। दूसरी ओर, बाकी तीन मृतकों के परिवारों द्वारा हृदयाघात की बात बताए जाने के बाद बिना पोस्टमार्टम उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। एक ही दिन गांव में चार लोगों की मौत से कोटशामीर का माहौल गमगीन बना हुआ है। ग्रामीणों और मृतकों के परिवारों में शोक व्याप्त है।

यह भी पढ़ें- जालंधर में ट्रक चालक को थप्पड़ मारना पुलिसकर्मी को पड़ा भारी, पुलिस लाइन भेजा; विभागीय कार्रवाई भी शुरू