जालंधर में ट्रक चालक को थप्पड़ मारना पुलिसकर्मी को पड़ा भारी, पुलिस लाइन भेजा; विभागीय कार्रवाई भी शुरू
जालंधर कैंटोनमेंट में नाके के दौरान ट्रक चालक को थप्पड़ मारने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मी को पुलिस लाइन भेज दिया गया। उसके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है।
HighLights
ट्रक चालक को थप्पड़ मारने पर जालंधर ट्रैफिक पुलिसकर्मी निलंबित।
पुलिसकर्मी को तत्काल पुलिस लाइन भेजा गया, विभागीय कार्रवाई शुरू।
एसीपी ट्रैफिक ने पुलिसकर्मी के अनुचित व्यवहार की निंदा की।
सुक्रांत सफरी, जालंधर। जालंधर के कैंटोनमेंट क्षेत्र में नाके के दौरान ट्रक चालक को थप्पड़ मारना एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी को भारी पड़ गया। मामले का संज्ञान लेते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने संबंधित पुलिसकर्मी को तत्काल पुलिस लाइन भेज दिया है। उसके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। एसीपी ट्रैफिक अजय सिंह ने पुलिसकर्मी के व्यवहार को अनुचित और अस्वीकार्य बताया है।
एसीपी ट्रैफिक अजय सिंह ने शुक्रवार को बताया कि कमिश्नरेट पुलिस की ट्रैफिक टीम की ओर से कैंटोनमेंट क्षेत्र के पास नाका लगाया गया था। यहां से गुजरने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने एक ट्रक को रुकवाकर उसके दस्तावेजों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान ट्रक चालक मोबाइल फोन के माध्यम से अपना ड्राइविंग लाइसेंस ट्रैफिक पुलिसकर्मी को दिखा रहा था। इसी बीच चालक ने पुलिसकर्मी से अपना मोबाइल वापस लेने का प्रयास किया। इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने ट्रक चालक को थप्पड़ मार दिया।
यह भी पढ़ें- सुखपाल खैहरा और बिक्रम मजीठिया की बढ़ीं मुश्किलें! CM मान की पत्नी ने भेजा लीगल नोटिस, 24 घंटे में मांगें माफी
अभद्र व्यवहार पर पुलिसकर्मी पर कार्रवाई
मामला सामने आने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया। एसीपी ट्रैफिक अजय सिंह ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के दौरान पुलिस कर्मचारियों से आम लोगों के साथ संयम, शालीनता और पेशेवर व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। किसी भी परिस्थिति में पुलिसकर्मी को कानून अपने हाथ में लेने या आम नागरिक के साथ अभद्र व्यवहार करने की अनुमति नहीं है।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी का इस तरह का व्यवहार अनुचित है और इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। इसी के चलते संबंधित कर्मचारी को तत्काल पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ बॉर्डर पर पंजाब के किसानों का शक्ति प्रदर्शन, मोर्चा स्थल पर सड़क के दोनों तरफ मार्च किया
विभागीय कार्रवाई शुरू
पुलिस अधिकारियों के अनुसार संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ निर्धारित नियमों के तहत विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जा रही है। जांच के दौरान पूरे घटनाक्रम और पुलिसकर्मी के व्यवहार को देखा जाएगा। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों के साथ दुर्व्यवहार या अनुचित व्यवहार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ड्यूटी के दौरान पुलिस कर्मचारियों को कानून के दायरे में रहकर संयमित तरीके से काम करने के निर्देश हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।
