बठिंडा के रामसरा गांव में एटीएम तोड़ने की कोशिश; मशीन उखाड़ी, बदमाश मौके से फरार
बठिंडा के गांव रामसरा में देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक्सिस बैंक एटीएम उखाड़ने की कोशिश की। मशीन अलग कर दी, लेकिन ले जाने में नाकाम रहे। पुलिस ने मामला ...और पढ़ें

बठिंडा में तोड़ा गया एटीएम।
HighLights
बठिंडा के रामसरा गांव में एटीएम तोड़ने की कोशिश।
बदमाश मशीन ले जाने में असफल रहे, मौके से फरार।
पुलिस ने जांच शुरू की, सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब के बठिंडा जिले के गांव रामसरा में शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि को अज्ञात बदमाशों ने एक्सिस बैंक के एटीएम बूथ को निशाना बनाया। बदमाशों ने एटीएम मशीन को तोड़कर अपने साथ ले जाने की कोशिश की, लेकिन किसी कारणवश सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए। घटना थाना रामां क्षेत्र की है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 मार्च 2026 को तड़के करीब एक बजे कुछ अज्ञात व्यक्ति एक वाहन में सवार होकर गांव रामसरा स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम बूथ के पास पहुंचे। आरोपियों ने पहले बूथ का शटर जबरन खोला और अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने मशीन को अपनी जगह से उखाड़ने का प्रयास किया।
यह भी पढ़ें- जालंधर में वरदान अस्पताल फायरिंग मामले में लापरवाही पर एसीपी परमिंदर सिंह सस्पेंड; विभागीय जांच शुरू
वजनी मशीन के कारण असफल हुए चोर
बदमाश मशीन को आधार से अलग करने में सफल रहे, लेकिन भारी वजन या तकनीकी दिक्कत के चलते उसे वाहन में लोड नहीं कर सके। घटना की सूचना मिलते ही थाना रामां की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने एटीएम बूथ और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
मौके से कुछ औजार बरामद किए गए हैं, जिन्हें बदमाश जल्दबाजी में वहीं छोड़ गए। इन औजारों को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें- शहीद एएसआई मामले में तनाव; मुठभेड़ के विरोध में रणजीत के स्वजन बब्बरी बाइपास पर धरने पर बैठे
पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्ध वाहन की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली जा रही है। बैंक प्रबंधन को भी घटना की जानकारी दे दी गई है और मशीन की स्थिति का आकलन किया जा रहा है।
खबरें और भी
प्रारंभिक जांच में यह किसी संगठित गिरोह की करतूत प्रतीत हो रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।