जालंधर में वरदान अस्पताल फायरिंग मामले में लापरवाही पर एसीपी परमिंदर सिंह सस्पेंड; विभागीय जांच शुरू
जालंधर के मोता सिंह नगर स्थित वरदान मेडिकल सेंटर के बाहर फायरिंग मामले में लापरवाही पर एसीपी परमिंदर सिंह को सस्पेंड किया गया। पुलिस कमिश्नर ने विभागी ...और पढ़ें

घटना के दिन फायरिंग करता हुआ आरोपित सीसीटीवी में कैद हुआ।
HighLights
एसीपी परमिंदर सिंह लापरवाही के आरोप में निलंबित।
वरदान मेडिकल सेंटर के बाहर हुई थी फायरिंग।
डॉक्टर को मिली धमकियों पर नहीं हुई कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, जालंधर। पंजाब में जालंधर के मोता सिंह नगर स्थित वरदान मेडिकल सेंटर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई की गई है। मामले में लापरवाही पाए जाने पर एसीपी (मॉडल टाउन) परमिंदर सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। इसकी पुष्टि पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने की है।
उन्होंने बताया कि फायरिंग की घटना के अलावा दो-तीन अन्य मामलों में भी कार्य में कोताही सामने आई है, जिसके चलते यह कदम उठाया गया है। फिलहाल विभागीय जांच जारी है। जानकारी के अनुसार वरदान मेडिकल सेंटर के डॉक्टर को पहले भी अज्ञात व्यक्तियों की ओर से धमकियां मिली थीं। डॉक्टर ने इस संबंध में एसीपी को अवगत भी कराया था, लेकिन समय रहते पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए।
इसी बीच मंगलवार देर रात करीब 9:45 बजे एक युवक बाइक पर सवार होकर सेंटर के पास पहुंचा। उसने बाइक कुछ दूरी पर खड़ी की और पैदल आकर मेडिकल सेंटर के बाहर चार राउंड फायरिंग कर दी।
यह भी पढ़ें- शहीद एएसआई मामले में तनाव; मुठभेड़ के विरोध में रणजीत के स्वजन बब्बरी बाइपास पर धरने पर बैठे
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
पूरी वारदात बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और बस स्टैंड की दिशा में भाग निकला। घटना के समय इलाके में दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि गोलीबारी में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
सूचना मिलते ही थाना छह की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही टीम रवाना कर दी गई थी।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर जंक्शन में गांजा तस्करी का खुलासा, सादे कपड़ों में ‘जीआरपी कर्मी’ बनकर अंजाम देता था नेपाल का तस्कर
पुलिस ने जांच की तेज
आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस मामले में यह भी जांच की जा रही है कि डॉक्टर को पहले मिली धमकियों के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत क्यों नहीं की गई। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।