Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बठिंडा में दो शव मिलने से हड़कंप, सरहिंद नहर में मिले युवक की हुई पहचान, एक की जांच जारी

    Updated: Sun, 26 Jul 2026 04:41 PM (IST)

    बठिंडा में सरहिंद नहर और खाली प्लाट से दो शव बरामद हुए हैं। एक शव लापता मुनीम का था, दूसरे की मौत की जांच जारी है। ...और पढ़ें

    ये AI जनरेटेड इमज है।

    ये AI जनरेटेड इमज है।

    HighLights

    1. बठिंडा में दो अलग-अलग स्थानों से मिले शव।

    2. सरहिंद नहर में मिले शव की पहचान रमनदीप सिंह के रूप में।

    3. खाली प्लॉट में मिले लखबीर सिंह की मौत संदिग्ध।

    जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा जिले में रविवार को दो अलग-अलग स्थानों से शव मिलने से सनसनी फैल गई। पहला शव सरहिंद नहर से बरामद हुआ, जबकि दूसरा पावर हाउस रोड स्थित एक खाली प्लाट में मिला। दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस और सहारा जन सेवा की टीम मौके पर पहुंची।

    पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। दोनों मामलों में अलग-अलग पहलुओं से जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार गांव जंगी राणा के पास सरहिंद नहर में शव तैरने की सूचना मिलने पर सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।

    टीम के सदस्य संदीप गिल, हरबंस सिंह और पवन कुमार ने थाना नंदगढ़ पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में शव को नहर से बाहर निकाला गया।

    यह भी पढ़ें- धमाके की साजिश नाकाम, जालंधर में 1.3 किलो विस्फोटक समेत BKI आतंकी गिरफ्तार; विदेशी हैंडलरों से जुड़े तार

    एक दिन पहले नहर में कूदा था मृतक

    मृतक की पहचान 38 वर्षीय रमनदीप सिंह निवासी परसराम नगर के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि रमनदीप ने एक दिन पहले सरहिंद नहर में छलांग लगा दी थी। घटना के बाद से उसके परिजन और थाना कैनाल पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इस संबंध में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई गई थी।

    पुलिस के अनुसार पानी के तेज बहाव के कारण शव गांव जंगी राणा के पास पहुंच गया, जहां स्थानीय लोगों ने उसे देखा और पुलिस को सूचना दी। रमनदीप सिंह कीकर बाजार स्थित एक दुकान पर मुनीम का काम करता था। पुलिस ने शव की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी।

    खबरें और भी

    पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

    दूसरे मामले में पावर हाउस रोड की गली नंबर एक स्थित एक खाली प्लाट में एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सहारा जन सेवा की एंबुलेंस और थाना सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया।

    मृतक के पास मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान 43 वर्षीय लखबीर सिंह निवासी नंदगढ़ के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

    पुलिस अधिकारियों के अनुसार लखबीर सिंह की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। फिलहाल मौके से ऐसा कोई स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिला है, जिससे मौत के कारणों की पुष्टि हो सके। इसलिए वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

    यह भी पढ़ें- पंजाब फार्मेसी परीक्षा विवाद पर हरजोत बैंस ने तोड़ी चुप्पी, कहा- पेपर लीक नहीं नकल थी, जरूरत पड़ी तो पद छोड़ दूंगा

    दोनों मामलों की अलग जांच

    पुलिस का कहना है कि दोनों घटनाओं का आपस में कोई संबंध नहीं है और दोनों मामलों की अलग-अलग जांच की जा रही है। पहले मामले में नहर में कूदने की घटना और उसके बाद शव मिलने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है, जबकि दूसरे मामले में यह पता लगाया जा रहा है कि लखबीर सिंह की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

    पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

    यह भी पढ़ें- बिस्तर पर शौच करने से भड़की केयरटेकर, पटियाला में बुजुर्ग महिला की हत्या; स्पेन से लौटे बेटे ने CCTV से खोला राज