Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    धमाके की साजिश नाकाम, जालंधर में 1.3 किलो विस्फोटक समेत BKI आतंकी गिरफ्तार; विदेशी हैंडलरों से जुड़े तार

    Updated: Sun, 26 Jul 2026 04:27 PM (IST)

    संयुक्त अभियान में आतंकी माड्यूल का भंडाफोड़ कर एक आरोपित गिरफ्तार। 1.3 किलो विस्फोटक वाला आइईडी बरामद, बड़े हमले की साजिश विफल। ...और पढ़ें

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    HighLights

    1. जालंधर में BKI आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार।

    2. आरोपित से 1.3 किलो उच्च क्षमता वाला IED बरामद।

    3. विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहा था आतंकी।

    जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया। काउंटर इंटेलिजेंस और जालंधर देहात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में विदेशी खुफिया एजेंसी समर्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े एक आतंकी माड्यूल का भंडाफोड़ किया गया है।

    इस कार्रवाई के दौरान एक प्रमुख आरोपित को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से 1.3 किलोग्राम उच्च क्षमता वाले विस्फोटक से लैस एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आइईडी) बरामद हुई है।

    डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान आदमपुर निवासी सतबीर सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह विदेश में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहा था। सुरक्षा एजेंसियां अब उसके संपर्कों और पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुट गई हैं।

    यह भी पढ़ें- गुरदासपुर रेलवे स्टेशन पर पुलिस का चेकिंग अभियान, यात्रियों की सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे की जांच

    jalandhar explosive

    पुलिस की तरफ से जब्त आईईडी।

    घातक हमले की थी तैयारी

    पुलिस के अनुसार बरामद आइईडी में 1.3 किलोग्राम उच्च क्षमता का विस्फोटक भरा हुआ था। इसके साथ ही उसमें बड़ी मात्रा में श्रैपनेल और बाल बेयरिंग भी डाली गई थीं। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस तरह की सामग्री का उपयोग विस्फोट के दौरान अधिकतम जनहानि और बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से किया जाता है।

    अधिकारियों का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित आतंकी हमले को टाल दिया गया। यदि यह विस्फोटक अपने लक्ष्य तक पहुंच जाता तो बड़ी संख्या में लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी।

    यह भी पढ़ें- फाजिल्का की किन्नू मंडी में लाइट चोरी करते गिरा युवक, मौके पर दर्दनाक मौत

    संयुक्त अभियान में मिली सफलता

    काउंटर इंटेलिजेंस और जालंधर देहात पुलिस को आरोपित की गतिविधियों के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद संयुक्त अभियान चलाकर उसे दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से विस्फोटक बरामद किया गया। पुलिस ने तुरंत पूरे इलाके की घेराबंदी कर अन्य संभावित सुराग भी जुटाए।

    खबरें और भी

    जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि विस्फोटक कहां से लाया गया, इसे किस स्थान पर इस्तेमाल किया जाना था और इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। इसके अलावा विदेश में बैठे हैंडलरों से आरोपित के संपर्कों और संचार के माध्यमों की भी जांच की जा रही है।

    मामला दर्ज, नेटवर्क की जांच तेज

    इस संबंध में थाना पतारा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपित से गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जाएगी।

    सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस कार्रवाई से एक बड़े आतंकी नेटवर्क की महत्वपूर्ण कड़ी हाथ लगी है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपित पहले किन गतिविधियों में शामिल रहा है और क्या उसके संबंध किसी अन्य आतंकी माड्यूल से भी रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- अमृतसर की युवती की टोरंटो में हत्या, ब्रैम्पटन निवासी शरणजीत सिंह गिरफ्तार