विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब में चुनाव से पहले होगी जनगणना, 40 सवालों में जाति-धर्म से लेकर COVID-19 टीके तक की जानकारी ली जाएगी

Published: Sun, 06 Sep 2026 01:29 PM (IST)

Punjab Census News: पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले जनगणना होगी। मुख्य चरण एक दिसंबर से चार जनवरी तक चलेगा। ...और पढ़ें

ये AI जनरेटेड प्रतिकात्मक तस्वीर है।

ये AI जनरेटेड प्रतिकात्मक तस्वीर है।

HighLights

  1. जनगणना का मुख्य चरण 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगा।

  2. कुल 40 सवालों में जातिगत आंकड़े भी जुटाए जाएंगे।

  3. डिजिटल तरीके से होगी जनगणना, 11,718 करोड़ बजट मंजूर।

रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले जनगणना का काम पूरा होगा। केंद्र सरकार की ओर से तय कार्यक्रम के अनुसार Punjab Census News का मुख्य चरण एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक चलेगा। इससे पहले लोगों को अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कराने का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

मुख्य चरण के बाद पांच से नौ जनवरी 2027 तक दोबारा जांच का काम किया जाएगा। इस बार की जनगणना कई मायनों में महत्वपूर्ण होगी। लोगों से कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें परिवार और आवास से जुड़ी जानकारी के साथ जाति, धर्म, शिक्षा, रोजगार, भाषा, प्रवास और कोविड-19 टीकाकरण सहित कई जानकारियां दर्ज की जाएंगी।

केंद्र सरकार की राजनीतिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति के फैसले के बाद इस बार जातिगत आंकड़े भी जुटाए जाएंगे। ऐसे में पंजाब में भी लोगों से उनकी जाति से संबंधित जानकारी ली जाएगी।

यह भी पढ़ें- बघेल की विदाई के पीछे क्या थी वजह? जानें क्यों हुई पंजाब कांग्रेस बचाने के लिए सचिन पायलट की एंट्री

पहचान और परिवार से जुड़े 12 सवाल

जनगणना में पहचान और परिवार से जुड़े 12 सवाल होंगे। इनमें व्यक्ति का नाम, लिंग, जन्मतिथि, वैवाहिक स्थिति, धर्म, अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति तथा जाति, माता-पिता का नाम आदि की जानकारी ली जाएगी। इसके अलावा परिवार के सदस्यों से संबंधित आवश्यक विवरण भी दर्ज किए जाएंगे।

शिक्षा और भाषा से जुड़े सवालों में व्यक्ति की साक्षरता के साथ डिजिटल साक्षरता की जानकारी भी ली जाएगी। इसके अलावा उच्चतम शैक्षणिक योग्यता और अध्ययन की शाखा से संबंधित जानकारी दर्ज होगी। रोजगार की स्थिति जानने के लिए पिछले एक वर्ष में काम किया या नहीं, आर्थिक गतिविधि की श्रेणी, व्यवसाय, उद्योग या व्यापार का प्रकार तथा काम की जगह तक पहुंचने के लिए की जाने वाली यात्रा से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे।

बच्चों और प्रवास का भी बनेगा आंकड़ा

जन्म और प्रवास से संबंधित जानकारी में वर्तमान में जीवित बच्चों की संख्या, अब तक जन्मे कुल बच्चों की संख्या और पिछले एक वर्ष में जन्मे बच्चों की संख्या दर्ज की जाएगी। इससे राज्य में जन्म दर और आबादी में हो रहे बदलाव की तस्वीर सामने आएगी।

जनगणना के दौरान आधार संख्या, मतदाता पहचान पत्र संख्या, पासपोर्ट संख्या और वाहन चलाने के लाइसेंस की उपलब्धता से संबंधित जानकारी भी मांगी जाएगी। इसके साथ कुल बैंक खातों, मोबाइल नंबर और कोविड-19 टीकाकरण की जगह की जानकारी भी दर्ज की जाएगी।

पंजाब सरकार से होगा तालमेल

पूरे अभियान को डिजिटल तरीके से संचालित करने की तैयारी है। इसके लिए मोबाइल आधारित अनुप्रयोग तैयार किए गए हैं। केंद्र सरकार ने जनगणना के लिए 11,718.24 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है। पंजाब में जनगणना का काम राज्य सरकार के समन्वय से पूरा किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- पंजाब-हरियाणा HC के चीफ जस्टिस की नियुक्ति पर विवाद, AAP का आरोप- CM की नहीं ली सहमति; मान ने बुलाई आपात बैठक

2011 में साक्षरता 75.84% थी

पंजाब में पिछली जनगणना वर्ष 2011 में हुई थी। उस समय राज्य की आबादी करीब 2.77 करोड़ थी। इसमें 1.46 करोड़ पुरुष और 1.31 करोड़ महिलाएं थीं। दशकीय जनसंख्या वृद्धि दर 13.89 प्रतिशत रही थी। जनसंख्या घनत्व 551 व्यक्ति प्रति वर्ग किलोमीटर और लिंगानुपात 895 महिलाएं प्रति 1000 पुरुष था।

वर्ष 2011 में पंजाब की साक्षरता दर 75.84 प्रतिशत थी। पुरुष साक्षरता 80.44 प्रतिशत और महिला साक्षरता 70.73 प्रतिशत रही। राज्य की 62.52 प्रतिशत आबादी ग्रामीण और 37.48 प्रतिशत आबादी शहरी क्षेत्रों में रहती थी। नई जनगणना से पंजाब की वर्तमान आबादी, सामाजिक संरचना, जातिगत स्थिति, शिक्षा, रोजगार और अन्य महत्वपूर्ण आंकड़ों की नई तस्वीर सामने आएगी। 

वे सवाल जिनक जवाब आप जानना चाहते हैं-

प्रश्न 1: जनगणना 2027 में पहचान और परिवार खंड के तहत कुल कितने सवाल शामिल हैं?

उत्तर: कुल 12 सवाल (जैसे- व्यक्ति का नाम, लिंग, जन्मतिथि, वैवाहिक स्थिति, धर्म, SC/ST/जाति, माता-पिता का नाम आदि)।

प्रश्न 2: क्या जनगणना में शिक्षा के साथ डिजिटल साक्षरता की भी जानकारी ली जाएगी?

उत्तर: हां, 'शिक्षा और भाषा' खंड के अंतर्गत साक्षरता के साथ डिजिटल साक्षरता और उच्चतम शैक्षणिक योग्यता/स्ट्रीम से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे।

प्रश्न 3: रोजगार की स्थिति आंकने के लिए कौन-कौन से मुख्य सवाल शामिल हैं?

उत्तर: पिछले एक साल में काम किया या नहीं, आर्थिक गतिविधि की श्रेणी, व्यवसाय, उद्योग/व्यापार का प्रकार, काम की जगह तक यात्रा आदि से संबंधित सवाल।

प्रश्न 4: जन्म और माइग्रेशन (प्रवासन) सेक्शन में बच्चों से जुड़ी क्या जानकारी मांगी जाएगी?

उत्तर: वर्तमान में जीवित बच्चों की संख्या, अब तक जन्मे कुल बच्चों की संख्या और पिछले एक साल में जन्मे बच्चों की संख्या दर्ज की जाएगी।

प्रश्न 5: पहचान-पत्र और अन्य व्यक्तिगत विवरण में किन डॉक्युमेंट्स की जानकारी दर्ज होगी?

उत्तर: आधार नंबर, वोटर ID नंबर, पासपोर्ट नंबर और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता के साथ-साथ कुल बैंक अकाउंट, मोबाइल नंबर व कोविड-19 वैक्सीनेशन की जगह की जानकारी मांगी जाएगी।

यह भी पढ़ें- पंजाब में बिजली संकट गहराया, 1500MW घटा उत्पादन; कोयले की कमी से आधी क्षमता पर चल रहे बड़े थर्मल पावर प्लांट