गुरबाणी प्रसारण पर विधायक निज्जर की बड़ी मांग, खत्म हो एकाधिकार, सभी चैनलों पर निशुल्क प्रसारण हो सुनिश्चित
विधायक इंदरबीर सिंह निज्जर ने गुरबाणी के निशुल्क प्रसारण, एकाधिकार समाप्त करने, एसजीपीसी का प्रसारण तंत्र विकसित करने और चुनाव जल्द कराने की मांग उठाई ...और पढ़ें

पूर्व मंत्री व विधायक इंद्रबीर सिंह निज्जर।
HighLights
गुरबाणी का सभी चैनलों पर नि:शुल्क और निष्पक्ष प्रसारण हो।
प्रसारण पर कथित एकाधिकार व्यवस्था तुरंत समाप्त की जाए।
एसजीपीसी अपना स्वयं का प्रसारण ढांचा विकसित करे।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के विधायक इंदरबीर सिंह निज्जर ने गुरबाणी के प्रसारण को लेकर कई मांगें उठाते हुए कहा है कि सिख मर्यादा के अनुरूप गुरबाणी का सभी चैनलों पर नि:शुल्क और निष्पक्ष प्रसारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरबाणी करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का विषय है और इसका किसी भी प्रकार से व्यवसायीकरण नहीं होना चाहिए।
निज्जर ने कहा कि गुरबाणी के प्रसारण पर किसी भी प्रकार की कथित एकाधिकार व्यवस्था समाप्त की जानी चाहिए, ताकि सभी चैनलों को समान अवसर मिल सके। उनका कहना है कि गुरबाणी का संदेश अधिक से अधिक संगत तक बिना किसी भेदभाव और बिना किसी व्यावसायिक बाधा के पहुंचना चाहिए।
यह भी पढ़ें- महिला अकाली विधायक से अभद्रता पर गरमाई, सुखबीर बादल ने नेताओं पर कार्रवाई की उठाई मांग
बकाया राशि वसूल करने की मांग
उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा व्यवस्था के कारण शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) को कथित रूप से वित्तीय नुकसान हुआ है। उन्होंने मांग की कि यदि एसजीपीसी को इस व्यवस्था से आर्थिक क्षति हुई है तो उसकी भरपाई कराई जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने कथित 7.5 करोड़ रुपये की बकाया राशि की वसूली भी जल्द सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
विधायक ने एसजीपीसी से अपील की कि वह बार-बार होने वाले खर्चों से बचने और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अपना स्वयं का प्रसारण ढांचा विकसित करे। उनका कहना है कि यदि एसजीपीसी के पास अपना प्रसारण तंत्र होगा तो गुरबाणी के प्रसारण को लेकर किसी बाहरी व्यवस्था पर निर्भरता कम होगी और लंबे समय में अनावश्यक खर्चों में भी कमी आएगी।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- भाई की पूजा के बहाने होटल पहुंचा तांत्रिक, लुधियाना में कमरे में युवती से दुष्कर्म का प्रयास; आरोपी हुआ फरार
सिख आयोग अध्यक्ष और SGPC चुनाव की मांग
इंदरबीर सिंह निज्जर ने सिख न्यायिक आयोग के अध्यक्ष की नई नियुक्ति शीघ्र करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि आयोग से जुड़े मामलों के प्रभावी संचालन के लिए अध्यक्ष का पद जल्द भरा जाना आवश्यक है। इसके अलावा उन्होंने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव भी जल्द कराने की मांग करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत नई प्रतिनिधि संस्था का गठन समय पर होना चाहिए।
निज्जर ने दोहराया कि गुरबाणी किसी संस्था, व्यक्ति या व्यावसायिक हित का विषय नहीं, बल्कि संपूर्ण सिख समुदाय की आस्था और श्रद्धा का केंद्र है। इसलिए इसके प्रसारण से जुड़े सभी निर्णय सिख मर्यादा, पारदर्शिता और संगत की भावनाओं को ध्यान में रखकर लिए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरबाणी का उद्देश्य आध्यात्मिक संदेश का प्रसार है, इसलिए इसे व्यावसायिक गतिविधि का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए।